ब्रेकिंग न्यूज़

मोगा रैली में केजरीवाल ने भगवंत मान के नाम पर मांगे वोट,...

- बोले, दोबारा CM बनाएं, तभी मिलेंगी मुफ्त सुविधाएं  

- मान ने भाजपा-अकाली गठबंधन पर साधा निशाना, बोले- कृषि कानून वापस लाने के लिए हुआ गठबंधन  

- 10 लाख नए लाभार्थियों को मिलेंगे राशन कार्ड 

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। पंजाब  

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को अपने स्थापना दिवस के मौ-के पर मोगा में 'खुशहाल पंजाब' महारैली आयोजित कर चुनावी अभियान का आगाज किया। रैली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और CM भगवंत मान ने शिरकत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने विरोधी पार्टियों पर निशाना साधते हुए आगामी चुनाव के लिए पार्टी का एजेंडा सामने रखा। 

अरविंद केजरीवाल ने CM भगवंत मान के नाम पर लोगों से वोट मांगे। उन्होंने कहा कि यदि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनती है तो मुफ्त बिजली जैसी सुविधाएं बंद कर दी जाएंगी और महिलाओं को हर महीने मिलने वाले 1,000 रुपये भी नहीं मिलेंगे। केजरीवाल ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी इन योजनाओं को मुफ्त की रेवड़ियां कहते हैं, जबकि दिल्ली में भाजपा सरकार ने उनकी सरकार की कई योजनाएं बंद कर दी हैं।

केजरीवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि वे मुफ्त बिजली और महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देने जैसी सुविधाएं जारी रखना चाहते हैं तो भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री बनाना होगा।

महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह देने की योजना शुरू करने में हो रही देरी पर सफाई देते हुए केजरीवाल ने कहा कि पिछली सरकारों ने पंजाब का खजाना खाली कर दिया था। इसी कारण उनकी सरकार को योजना लागू करने में देरी हुई।

इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच हुए गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन कृषि सुधार कानूनों को दोबारा लागू करने के उद्देश्य से हुआ है।

रैली से पहले अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नए लाभार्थियों को राशन कार्ड भी वितरित किए। आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया के अनुसार, राज्य में 10 लाख नए लोगों को राशन कार्ड दिए जा रहे हैं।

इस महारैली के जरिए आम आदमी पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपना प्रचार अभियान शुरू करते हुए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के सामने रखने की कोशिश की। 

No comments