ब्रेकिंग न्यूज़

ग्रीस में कत्ल किए गए दो सगे भाइयों का मामला ...

- परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए सीचेवाल ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र 

- विदेशों में पंजाबियों की सुरक्षा के गंभीर मुद्दे पर केंद्र सरकार का ध्यान किया जाएगा केंद्रित 

- पीड़ित परिवार को अब भी मिल रही हैं जान से मारने की धमकियां 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला       

ग्रीस में रिश्तेदार द्वारा बेरहमी से कत्ल किए गए गांव तलवंडी संघेड़ा के दो सगे भाइयों के पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने देश के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखा है। पीड़ित परिवार गांव की पंचायत के साथ आज सुबह निर्मल कुटिया, में संत सीचेवाल से मुलाकात करने के लिए पहुंचा।पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि उनके दोनों बेटों की हत्या करने वाले रिश्तेदार (मामा) संदीप सिंह की पत्नी की ओर से अब उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। 

संत सीचेवाल ने इस मामले में जालंधर के एसएसपी को भी आवश्यक कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान विदेश मंत्री से मुलाकात कर विदेशों में रह रहे पंजाबियों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को केंद्र सरकार के ध्यान में लाने का प्रयास किया जाएगा। 

गांव तलवंडी संघेड़ा निवासी बूटा सिंह और उनकी पत्नी बलजिंदर कौर ने बताया कि उनके दोनों बेटे दलजीत सिंह (29 वर्ष) और गुरविंदर सिंह (26 वर्ष) को उनके रिश्तेदार (मामा) संदीप सिंह ने खेतीबाड़ी के काम के लिए ग्रीस बुलाया था। उनका बड़ा बेटा दलजीत सिंह जनवरी 2026 में, जबकि छोटा बेटा गुरविंदर सिंह अप्रैल 2026 में ग्रीस पहुंचा था। 

ग्रीस पहुंचने के बाद दोनों भाई पूरी मेहनत और लगन से अपना काम कर रहे थे। उनके काम से उनका मालिक भी काफी खुश था, क्योंकि वे अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के अलावा अन्य काम भी पूरी निष्ठा से निभाते थे। परिवार के अनुसार, दोनों भाइयों की मेहनत और मालिक की ओर से उनकी की जा रही प्रशंसा के कारण उनका रिश्तेदार संदीप सिंह उनसे ईर्ष्या करने लगा था। 

परिवार का आरोप है कि इसी ईर्ष्या और रंजिश के चलते संदीप सिंह ने 3 नवंबर को चाकू से हमला कर दोनों भाइयों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना की एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली वीडियो बनाकर भी भेजी गई थी। परिवार ने बताया कि वीडियो इतनी भयावह है कि आज तक उनमें उसे देखने की हिम्मत नहीं हुई। पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्हें मिल रही जान से मारने की धमकियों को लेकर उन्होंने एसएसपी को भी लिखित शिकायत दी है। 

परिवार ने भावुक होते हुए बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर अपने दोनों बेटों को विदेश भेजा था। उन्हें उम्मीद थी कि उनके बेटे मेहनत करके परिवार की गरीबी दूर करेंगे और बुढ़ापे में उनका सहारा बनेंगे, लेकिन इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने परिवार के सभी सपनों को चकनाचूर कर दिया। 

इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि किसी परिवार के दो जवान बेटों की इस तरह हत्या हो जाना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें इंसाफ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। 

दो बेटों की मौत के शोक में तलवंडी संघेड़ा गांव में न मनाई गई दिवाली, न सजाया गया नगर कीर्तन* उल्लेखनीय है कि दोनों जवान बेटों की हत्या की खबर ने पूरे गांव तलवंडी संघेड़ा को गहरे शोक में डुबो दिया है। परिवार और गांववासियों के मन में इस घटना को लेकर इतना गहरा सदमा था कि इस बार गांव में न तो दिवाली मनाई गई और न ही किसी घर में दीपक जलाए गए। इसी तरह श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर भी गांव में नगर कीर्तन नहीं सजाया गया। दोनों नौजवानों की असमय मौत के दुख को पूरे गांव ने अपना पारिवारिक दुख समझकर साझा किया। गांववासियों ने पीड़ित परिवार के साथ एकजुटता दिखाते हुए इस दुख की घड़ी में उनका साथ दिया। 

No comments