ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में कल रात 8 बजे बजेगा एयर रेड सायरन,....

- ब्लैकआउट और रेस्क्यू मॉक ड्रिल, पुरानी कचहरी में होगी सिविल डिफेंस की एक्सरसाइज  

- SDM जसजीत सिंह ने तैयारियों का लिया जायजा; लोगों से न घबराने की अपील 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला       

कपूरथला शहर में 27 नवंबर को रात 8 बजे सिविल डिफेंस की ओर से एयर रेड वार्निंग, रेस्क्यू और ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज करवाई जाएगी। इसे लेकर सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) जसजीत सिंह ने पुरानी कचहरी में होने वाली मॉक ड्रिल की तैयारियों का जायजा लिया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

बैठक में सिविल डिफेंस, नगर निगम, पंजाब होम गार्ड्स, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF), PSPCL और राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल हुए।

SDM ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज की शुरुआत रात 8 बजे एयर रेड वार्निंग सिग्नल के साथ होगी। इस दौरान दो मिनट तक हाई-लो पिच में सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद निर्धारित योजना के अनुसार सिमुलेटेड ब्लैकआउट किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने की अपील की। हालांकि, आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।

उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान आग बुझाने, खोज एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा यातायात और भीड़ प्रबंधन जैसी गतिविधियों का अभ्यास किया जाएगा। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच तालमेल और आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी प्रतिक्रिया क्षमता को परखना है।

SDM ने कहा कि एक्सरसाइज पूरी होने के बाद लगातार दो मिनट तक हाई-पिच सायरन बजाकर 'ऑल क्लियर सिग्नल' दिया जाएगा। इससे लोगों को मॉक ड्रिल समाप्त होने का संकेत मिलेगा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में यह दूसरी सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज है। इससे पहले भी इस साल एक ऐसी एक्सरसाइज करवाई जा चुकी है। नियमित अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन तैयारियों का मूल्यांकन करना और कमियों की पहचान कर उनमें सुधार करना है।

SDM जसजीत सिंह ने शहरवासियों से अपील की कि सायरन बजने और ब्लैकआउट की व्यवस्था देखकर घबराएं नहीं। यह पूरी तरह से पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल है और इसका किसी भी वास्तविक खतरे से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। 

No comments