ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में पेंटर ने दंपति को बंधक बनाकर की लाखों की लूट ....

 - 35 तोले सोना और 2.50 लाख नकदी लेकर फरार, पुलिस की जाँच जारी 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला       

कपूरथला शहर के सन्नी साइड स्थित एक घर में 20 दिनों से पेंट का काम कर रहे पेंटर ने फिल्मी अंदाज में दंपति को बंधक बनाकर लाखों रुपये के सोने और डायमंड के गहने, नकदी और जरूरी दस्तावेज लूटने की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी करीब पांच घंटे तक दंपति को कमरे में बंद रखकर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। हालाँकि पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी आरोपी कैद हुआ है, जिसमें आरोपी बाइक पर जाता दिखाई दे रहा है। थाना सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि SHO अमनदीप ने भी की है। 

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित पवन कुमार निवासी सन्नी साइड मॉल रोड ने बताया कि पेंटर रणजीत सिंह निवासी गांव रजापुर पिछले करीब 20 दिनों से उनके घर में पेंट का काम कर रहा था। इससे पहले भी वह उनके घर में पेंटिंग कर चुका था।  

8 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे जब वह अपनी पत्नी के साथ कमरे में बैठे थे, तभी रणजीत सिंह लोहे की रॉड लेकर कमरे में घुस आया। उसने दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए और पवन कुमार पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।

शिकायतकर्ता के अनुसार जब उनकी पत्नी बचाव के लिए आगे आई और शोर मचाने लगी तो आरोपी ने अपने डब से रिवॉल्वर निकाल ली और गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने महिला को बाथरूम में बंद करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने दंपति को एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी और पूरे घर में आराम से वारदात को अंजाम देता रहा।

रात करीब 8 बजे पवन कुमार का बेटा रोहित और पोता घर पहुंचे। उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला, जिसके बाद दंपति बाहर निकले। घर के दूसरे कमरे में जाकर देखा तो वहां पड़ी अलमारी टूटी हुई थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था। पवन कुमार ने बताया कि उनके बेटे को भी आरोपी रणजीत सिंह ने वॉयस मैसेज भेजकर धमकियां दी हैं।

प्राथमिक जांच में पता चला कि आरोपी अलमारी से करीब 35 तोले सोने के गहने, जिनमें सोने के कंगन, हीरे के कंगन, चूड़ियां, अंगूठियां, गहनों के सेट, चांदी की पायलें, घड़ियां, ₹2.50 लाख नकद तथा आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड, एटीएम कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गया। 

पवन कुमार ने बताया कि पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी रणजीत सिंह शाम करीब 5:41 बजे मोटरसाइकिल पर उनके घर से निकलता दिखाई दिया है। थाना सिटी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए जांच और छापेमारी शुरू कर दी है। 

No comments