ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में जमीनी विवाद में फायरिंग, प्रवासी मजदूर घायल ..

- एक पक्ष ने सीधी फायरिंग का लगाया आरोप, पुलिस बोली- हवाई फायरिंग हुई  

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला    

कपूरथला की सब डिवीज़न सुल्तानपुर लोधी के गांव टिब्बा में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ झगड़ा हिंसक रूप ले गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और इसके बाद फायरिंग भी हुई। घटना में एक प्रवासी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीँ पुलिस को घटनास्थल से 2 खोल भी बरामद हुए है, मामले की जाँच की जा रही है। 

घटना के संबंध में एक पक्ष के गुरताज सिंह ने आरोप लगाया कि जमीनी विवाद को लेकर पहले पंचायत स्तर पर फैसला हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद दोबारा माहौल खराब करने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि उन पर सीधी फायरिंग की गई। पीड़ित के अनुसार घटनास्थल से एक रिवॉल्वर भी बरामद कर पुलिस को सौंप दी गई है।

वहीं, फायरिंग को लेकर पुलिस का पक्ष अलग है। पुलिस के अनुसार मौके पर हवाई फायरिंग हुई थी। दूसरी ओर, मारपीट में घायल प्रवासी मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है, जिसके चलते उसका पक्ष सामने नहीं आ सका है।

इस संबंध में एसएचओ सोनमदीप कौर ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। बयानों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

फिलहाल, जमीन विवाद को लेकर हुई इस हिंसक झड़प और फायरिंग ने गांव में तनाव पैदा कर दिया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई और घटना के लिए कौन जिम्मेदार है। 

No comments