ब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब में AAP ने 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची की जारी, कपूरथला से दविंदर पाल रंगा उम्मीदवार ...

- भुलत्थ से एडवोकेट हरसिमरन सिंह और फगवाड़ा से डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को बनाया उम्मीदवार 

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। पंजाब      

पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 12 नवंबर 2026 को विधानसभा चुनाव के लिए 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता की ओर से जारी आधिकारिक घोषणा में राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए हैं।

जारी सूची के अनुसार, कपूरथला विधानसभा क्षेत्र (27) से दविंदर पाल सिंह रंगा को पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र (26) से एडवोकेट हरसिमरन सिंह और फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (29) से डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

पार्टी की दूसरी सूची में माझा, दोआबा और मालवा क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इनमें सुजानपुर से स्वर्ण सिंह सलारिया, पठानकोट से रोहित स्याल, गुरदासपुर से रमन बहल, दीनानगर से शमशेर सिंह, कादियां से गुरिकबल सिंह महल, अमृतसर नॉर्थ से करमजीत सिंह रिंटू, पट्टी से जसकंवर सिंह गिल (जस्सा पट्टी), जालंधर सेंट्रल से नितिन कोहली और जालंधर नॉर्थ से वनीत धीर प्रमुख हैं।

इसके अलावा चमकौर साहिब से जसवीर सिंह गढ़ी, खरड़ से परमिंदर सिंह गोल्डी, दाखा से डॉ. केएनएस कंग, जगरांव से सरबजीत कौर माणुके, अबोहर से डॉ. सुहानी डोडा, लंबी से रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां, बठिंडा ग्रामीण से गोपाल सिंह, बरनाला से गुरमीत सिंह मीत हेयर और शुतराना से वनिंदर कौर लूंबा को उम्मीदवार बनाया गया है।

इस सूची के जारी होने के बाद पंजाब की राजनीति में चुनावी सरगर्मियां और तेज होने की संभावना है। खासकर कपूरथला, भुलत्थ और फगवाड़ा में उम्मीदवारों की घोषणा से स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा शुरू हो गई है। 

No comments