पंजाब में AAP विधायक के घर ED की रेड, समर्थकों ने किया प्रदर्शन ...
- दिल्ली और चंडीगढ़ से पहुंची ED की टीम ने घर और फ्लैटों की ली तलाशी, CRPF ने संभाला मोर्चा
- AAP नेताओं ने भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाने का लगाया आरोप
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। पंजाब
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह मोगा से AAP की महिला विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी की। दिल्ली और चंडीगढ़ से पहुंची ED की टीमों ने विधायक के मोगा स्थित आवास और मोगा-लुधियाना रोड पर स्थित फ्लैटों की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान CRPF के जवानों ने पूरे इलाके को घेरे रखा। यहां तक कि पंजाब पुलिस को भी सुरक्षा घेरे से बाहर रखा गया।
गौरतलब है कि डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को तीन दिन पहले ही आम आदमी पार्टी ने वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए दोबारा उम्मीदवार घोषित किया था। वह पंजाब में पार्टी की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
वहीँ विधायक के आवास पर ED की रेड की सूचना मिलते ही पार्टी के समर्थक और स्थानीय नेता मौके पर पहुंचने लगे। उन्होंने विधायक के घर के बाहर एकत्रित होकर ED और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा नारेबाजी भी की।
इस दौरान मोगा के सीनियर डिप्टी मेयर काला बजाज और AAP के शहरी प्रधान प्रेम चंद चक्कीवाला ने आरोप लगाया कि विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा पर भाजपा में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इसी राजनीतिक दबाव के चलते केंद्र सरकार की ओर से ED की कार्रवाई करवाई गई है।
प्रेम चंद चक्कीवाला ने कहा कि भाजपा पंजाब में अपनी हार को देखते हुए ऐसी कार्रवाई करवा रही है, जबकि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की सरकार फिर से बनने जा रही है। AAP नेताओं ने इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश बताते हुए केंद्र सरकार और ED के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
फिलहाल ED की कार्रवाई के पीछे के आधिकारिक कारण और तलाशी के दौरान क्या-क्या मिला, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।









.jpeg)














No comments