ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला पुलिस का नशे के खिलाफ CASO, संदिग्ध इलाकों में घरों की तलाशी ....

- नशा तस्करों में पुलिस की सख्ती का खौफ, कई घरों पर लटके मिले ताले 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

पंजाब पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संदिग्ध इलाकों में CASO (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) चलाया गया। पुलिस टीमों ने उन इलाकों को विशेष रूप से निशाना बनाया, जिन्हें नशे की बिक्री और तस्करी के लिए संवेदनशील माना जाता है। इस दौरान पुलिस ने कई घरों की तलाशी लेने के साथ-साथ नशे से जुड़े पुराने मामलों में नामजद व्यक्तियों से भी पूछताछ की। 

कई घरों पर मिले ताले, नशा तस्कर घर छोड़कर फरार 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑपरेशन के दौरान कई ऐसे घर भी सामने आए, जहां ताले लटके हुए थे। पुलिस का मानना है कि नशा तस्करी में शामिल कई लोग पुलिस की लगातार सख्ती के चलते अपने घरों से दूर चले गए हैं। पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ लगातार किए जा रहे CASO ऑपरेशनों का असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है और नशा तस्करों में पुलिस कार्रवाई का डर पैदा हुआ है। 

ऑपरेशन के दौरान पुलिस की ओर से विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान नशीले पदार्थों के अलावा चोरी के मोटरसाइकिल और अन्य संदिग्ध/आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया। पुलिस ने कहा कि बरामदगी और कार्रवाई के संबंध में आगे की जांच की जा रही है। 

पुराने नशा मामलों में नामजद लोगों से भी पूछताछ 

CASO ऑपरेशन के दौरान उन लोगों पर भी विशेष नजर रखी गई, जिनके खिलाफ पहले से नशे से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस टीमों ने ऐसे व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों और मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। 

समाज के हर वर्ग को मुहिम में सहयोग देने की अपील 

पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। शिक्षित वर्ग को अपनी शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रयास करने चाहिए। 

पुलिस ने कहा कि नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को भी पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए। नशा रोगियों का उचित इलाज और पुनर्वास इस मुहिम का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि नशे की बिक्री या तस्करी संबंधी कोई भी जानकारी सामने आने पर पुलिस को सूचित करें, ताकि नशे के नेटवर्क पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके। 

No comments