श्री गुरुनानक देवजी के प्रकाश पर्व को ‘साझीवालता दिवस’ मनाने का आह्वान ....
- तख्त श्री पटना साहिब और हजूर साहिब के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने की मांग
- बाबा बलबीर सिंह '96 करोड़ी' ने संत सीचेवाल से की मुलाकात
- निहंग जत्थेबंदियों का मोहल्ला होगा आकर्षण का केंद्र
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
शिरोमणि पंथ अकाली बुढ़ा दल पांचवां तख्त के प्रमुख बाबा बलबीर सिंह 96 करोड़ी ने राज्यसभा सदस्य एवं पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल से मुलाकात की। दोनों धार्मिक शख्सियतों ने नवंबर महीने में श्री गुरु नानक देव जी के आ रहे 557वें प्रकाश पर्व को ‘साझीवालता दिवस’ के रूप में मनाने का आह्वान किया। दोनों धार्मिक नेताओं ने कहा कि साहिब श्री गुरु नानक देव जी का दर्शन पूरे विश्व को एकजुटता के साथ रहने की प्रेरणा देता है। गुरु साहिब का दर्शन ही सरबत के भले का संदेश देने वाला है।
संत सीचेवाल ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाने के लिए तैयारियां चल रही हैं और इस संबंध में जिला प्रशासन के साथ 06 अक्टूबर को बैठक भी रखी गई है।
शिरोमणि पंथ अकाली बुढ़ा दल पांचवां तख्त के प्रमुख बाबा बलबीर सिंह 96 करोड़ी ने बातचीत के दौरान बताया कि श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व 24 नवंबर को बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा और उसके बाद निहंग जत्थेबंदियां अपना पारंपरिक मोहल्ला निकालेंगी। इसमें खालसाई जलौह देखने योग्य होगा। उन्होंने कहा कि दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की सजाई लाडली फौजें अपने बाणे में खालसाई कर्तव्य का प्रदर्शन करेंगी।
बाबा बलबीर सिंह 96 करोड़ी ने बताया कि गुरुद्वारा बेर साहिब के सामने उनकी छावनी है, जहां प्रकाश पर्व के धार्मिक समागम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने देश-विदेश की संगतों से बड़ी संख्या में सुल्तानपुर लोधी में प्रकाश पर्व के समागमों में पहुंचने की अपील की।
दोनों धार्मिक शख्सियतों ने केंद्र सरकार से मांग की कि भारत के दोनों तख्तों के लिए सीधी उड़ानें शुरू की जाएं। उन्होंने कहा कि तख्त श्री पटना साहिब और तख्त श्री हजूर साहिब के लिए श्री अमृतसर साहिब हवाई अड्डे के साथ-साथ आदमपुर और चंडीगढ़ हवाई अड्डों से भी सीधी उड़ानों का प्रबंध किया जाए।
इस अवसर पर निहंग प्रमुख बाबा बलबीर सिंह 96वें करोड़ी जी को राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने पवित्र काली वेईं का एक खूबसूरत चित्र भेंट कर सम्मानित किया। इससे पहले निहंग प्रमुख बाबा बलबीर सिंह जी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट किया गया और गुलाब के फूलों की वर्षा की गई।
एशियाई खेलों में देश के खिलाड़ियों द्वारा स्वर्ण पदक जीतने पर राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों में हॉकी टीम ने लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतकर पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। इसी तरह देश की बेटियों ने भी 44 साल बाद स्वर्ण पदक जीतकर देश की झोली में डाला है।

.png)

.jpg)







.jpeg)














No comments