ब्रेकिंग न्यूज़

राजा वड़िंग ने राहुल गांधी को सौंपा इस्तीफा ....

- बोले- मैंने खुद इस्तीफा दिया, अब कुछ दिन छुट्टी लेने की जरूरत  

- सचिन पायलट को लेकर भी उठाए सवाल  

खबरनामा इंडिया बबलू। पंजाब   

पंजाब में विधानसभा चुनाव से करीब तीन महीने पहले कांग्रेस की प्रदेश राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात कर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से अपना औपचारिक इस्तीफा सौंप दिया है। 

राहुल गांधी के आवास 10 जनपथ पर मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राजा वड़िंग ने कहा कि उन्होंने खुद इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस में इस्तीफे नहीं लिए जाते, बल्कि चिट्ठी जारी कर थैंक्स कर दिया जाता है।” 

मीडिया से वार्ता में राजा वड़िंग के काफी नपे-तुले बयान दिए। हालांकि उनके हाव-भाव से प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने की मायूसी झलक रही थी। अपनी भावनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि वह हमेशा खुश रहते हैं। वहीँ राजा वड़िंग ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी के साथ मुलाकात के दौरान पंजाब में पार्टी के सामने मौजूद चुनौतियों के बारे में चर्चा की। उन्होंने यह भी कहा कि अब उन्हें लगता है कि कुछ दिन की छुट्टी लेनी चाहिए। 

राजा वड़िंग ने कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उन्हें पक्के तौर पर नहीं पता, लेकिन संभव है कि सचिन पायलट को लगा हो कि उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया जाना चाहिए। 

वड़िंग के अनुसार उनकी सचिन पायलट से केवल एक बार मुलाकात हुई थी, जब उन्होंने दिल्ली में पायलट को जन्मदिन की बधाई दी थी। इसके बाद चंडीगढ़ में आयोजित धरने के दौरान दोनों करीब दो घंटे साथ रहे। राजा वड़िंग के इस्तीफे और उनके बयानों के बाद पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी का अगला कदम और नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर होने वाला फैसला अहम माना जा रहा है। 

No comments