कपूरथला के खेतों में संदिग्ध हालात में मिला मजदूर का शव...
- पत्नी ने पहले जताई हत्या की आशंका, पुलिस को दिए बयान में शराब पीने की आदत का किया जिक्र
- पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू की, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला के गांव सिधवां दोना में खेतों से एक 21 वर्षीय मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में चर्चा का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सदर कपूरथला की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान शानबाज पुत्र मोहम्मद मुराद, उम्र 21 वर्ष, हालवासी गांव सिधवां दोना के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी खुशबू के अनुसार, उसका पति मेहनत-मजदूरी का काम करता था। गत दिवस वह रैली में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन पूरी रात वापस नहीं लौटा। सुबह गांव के एक व्यक्ति ने उन्हें खेतों में शानबाज का शव पड़े होने की सूचना दी। इसके बाद परिवार को घटना का पता चला। पत्नी ने शुरुआत में पति की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई थी।
शराब पीने का आदी था मृतक: पुलिस
मामले की जांच कर रहे थाना सदर के एएसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने अपने बयान में बताया कि शानबाज शराब पीने का आदी था। ऐसे में अधिक शराब पीने के कारण उसकी मौत होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने फिलहाल मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 (पूर्व में सीआरपीसी की धारा 174) के तहत कार्रवाई शुरू की है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



.jpg)







.jpeg)














No comments