LPU हिंसा मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने 3 दिन के पुलिस रिमांड पर...
- डिजिटल एविडेंस के आधार पर हुई आरोपियों की पहचान
- गिरफ्तार युवकों में LPU का एक विद्यार्थी भी
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में छात्रा से दुष्कर्म की सूचना फैलने के बाद हुई हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी यूनिवर्सिटी परिसर में हुई तोड़फोड़ की घटना में कथित तौर पर शामिल थे। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फगवाड़ा के टिब्बी मोहल्ला निवासी गगन, जेम्स दहिया और अभि के रूप में हुई है। इनमें से जेम्स दहिया LPU का विद्यार्थी है, जबकि गगन पहले डोमिनोज के लिए पिज्जा डिलीवरी का काम करता था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को फगवाड़ा की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हिंसा और तोड़फोड़ की घटना में उनकी कथित भूमिका का पता लगाने का प्रयास करेगी।
गगन के मामा ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, आरोपी गगन की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद उसके मामा फगवाड़ा कोर्ट पहुंचे। उन्होंने बताया कि गगन कल से लापता था और आज उसने अदालत में पेशी से पहले फोन करके अपनी जानकारी दी, जिसके बाद परिजन कोर्ट पहुंचे।
गगन के मामा का आरोप है कि पुलिस उन्हें यह स्पष्ट नहीं बता रही कि गगन को किस मामले में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि गगन के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था।
फिलहाल, पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।



.jpg)







.jpeg)














No comments