ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला-- बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर लूट मामला, आरोपी पेंटर दम्पति जालंधर से गिरफ्तार ...

20 दिन तक घर में पेंटिंग कर जीत लिया भरोसा, फिल्मी अंदाज में वारदात को दिया अंजाम, 17 तोला सोना बरामद, आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला       

कपूरथला शहर के पॉश इलाके सन्नी साइड में बुजुर्ग दंपति को करीब पांच घंटे तक बंधक बनाकर लाखों रुपये के सोने-हीरे के गहने, नकदी और अहम दस्तावेज लूटने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिटी पुलिस ने मुख्य आरोपी पेंटर रणजीत सिंह और उसकी पत्नी हरजिंदर कौर को जालंधर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए गहनों में से 17 तोला सोना बरामद किया है। दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। 

एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि पीड़ित पवन कुमार निवासी सन्नी साइड मॉल रोड के घर में आरोपी रणजीत सिंह पिछले करीब 20 दिनों से पेंटिंग का काम कर रहा था। वह इससे पहले भी कई बार उनके घर में काम कर चुका था, जिससे परिवार का उस पर पूरा भरोसा था। 

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे रणजीत सिंह लोहे की रॉड लेकर कमरे में घुसा, जहां पवन कुमार और उनकी पत्नी बैठे थे। उसने दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए और पवन कुमार पर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। जब उनकी पत्नी ने विरोध किया तो आरोपी ने अपने बैग से रिवॉल्वर निकालकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने दंपति को एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी और पूरे घर में आराम से लूटपाट करता रहा। 

शाम करीब आठ बजे जब पवन कुमार का बेटा रोहित और पोता घर पहुंचे तो उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलकर दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद घर की अलमारी टूटी हुई मिली और सामान बिखरा पड़ा था। 

शिकायत के अनुसार आरोपी करीब 35 तोले सोने के गहने, जिनमें सोने और डायमंड के कंगन, चूड़ियां, अंगूठियां, ज्वेलरी सेट, चांदी की पायलें, घड़ियां, 2.50 लाख रुपये नकद तथा आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड, एटीएम कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गया था। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़ित के बेटे को वॉयस मैसेज भेजकर धमकियां भी दी थीं। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी पुलिस और टेक्निकल सेल ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी रणजीत सिंह और उसकी पत्नी हरजिंदर कौर, निवासी गांव रजापुर (कपूरथला), को जालंधर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रणजीत सिंह ने तीन सोने की अंगूठियां बेचने और 25 हजार रुपये नकद खर्च करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए दोनों से पूछताछ कर रही है।

एसएसपी ने बताया कि रणजीत सिंह के खिलाफ वर्ष 2013 और 2014 में चोरी के चार मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि उसकी पत्नी का अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।  

No comments