ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला-- अवैध पिस्टल, वीआईपी फ्लैशर व पुलिस कमांडो वर्दी सहित 3 गिरफ्तार ....

- स्कॉर्पियो-एन को रोकने का इशारा किया तो पुलिस को चकमा देकर भागे आरोपी  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला     

कपूरथला पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नाइट डोमिनेशन के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने देर रात एक स्कॉर्पियो-एन में सवार तीन युवकों को पीछा कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार वाहन को रुकने का इशारा किया गया था, लेकिन चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों को काबू कर लिया।  

आरोपियों की पहचान हरदेव सिंह निवास गांव सीतो नौआबाद जिला तरनतारन, हरबीर कलेर निवासी गांव मदान थाना आदमपुर जिला जालंधर और लविश गर्ग निवास गांव शेरपुर जिला संगरूरू के रूप में हुई है। गिरफ्तार युवकों की स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर एक देसी पिस्टल, एक सीओ-टू एयर पिस्टल (जो दिखने में बिल्कुल असली आधुनिक पिस्टल जैसी है), एक लाल-नीली वीआईपी लाइट फ्लैशर तथा पंजाब पुलिस कमांडो की वर्दी बरामद हुई। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 

एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि गिरफ्तार तीनों युवक क्रमशः जालंधर, तरनतारन और संगरूर जिलों के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों अच्छे परिवारों से संबंध रखते हैं और फिलहाल इनके खिलाफ किसी पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी नहीं मिली है। एसएसपी ने कहा कि आरोपियों से बरामद सामान को देखते हुए आशंका है कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। अदालत से आरोपियों का दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी। यह पता लगाया जाएगा कि बरामद हथियार, नकली पिस्टल, वीआईपी फ्लैशर और पुलिस कमांडो की वर्दी किस उद्देश्य से रखी गई थी, इन्हें कहां से हासिल किया गया और इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या साजिश तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।  


No comments