पंजाब में कानून-व्यवस्था पर AAP सांसद ने उठाए सवाल, DGP को लिखा पत्र ....
- संत सीचेवाल ने सुरक्षा लौटाने के लिए लिखा, उनके 6 गार्ड्स दो थानों में करे तैनात
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के छह राज्यसभा सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद अब पार्टी के एक और राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल की नाराजगी सामने आई है। उन्होंने पंजाब के DGP को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा वापस लेने की मांग की है।
संत सीचेवाल ने पत्र में कहा कि उनकी सुरक्षा में तैनात छह पुलिसकर्मियों को वापस भेजा जा रहा है। उन्होंने इसके पीछे पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए लिखा कि मौजूदा हालात में उनकी सुरक्षा से अधिक जरूरी आम लोगों की सुरक्षा है।
उन्होंने अपने पत्र में यह भी कहा, "अगर प्रदेश के लोग ही सुरक्षित नहीं हैं, तो बतौर सांसद हमारी सुरक्षा में इतने पुलिस जवानों की तैनाती उचित नहीं है। इन जवानों को जनता की सुरक्षा में लगाया जाए।" उन्होंने DGP से बिना किसी देरी के उनकी सुरक्षा वापस लेने की मांग भी की है। संत सीचेवाल ने लिखा- जालंधर के लोहिया व सुल्तानपुर लोधी इलाके में पवित्र बेई के किनारे लूटपाट की वारदातें बढ़ रही हैं। इसके मद्देनजर मैं गुजारिश करता हूं कि मेरे पास 6 पुलिस मुलाजिमों की सुरक्षा है। इनमें से 3 मैं लोहियां खास थाने और 3 सुल्तानपुर लोधी थाने में देना चाहते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के नेतृत्व में सांसद अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, विक्रमजीत साहनी और राजिंदर मित्तल पार्टी छोड़ चुके हैं। बाद में इन सभी नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था।
पार्टी छोड़ने के दौरान राघव चड्ढा ने आरोप लगाया था कि AAP में उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा था। वहीं उस समय संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा था कि उन्हें भी पार्टी छोड़ने के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया था।
हालांकि, अब सुरक्षा लौटाने के उनके फैसले ने पंजाब की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। इसे कानून-व्यवस्था पर उनकी सार्वजनिक चिंता के रूप में देखा जा रहा है।



.jpg)







.jpeg)















No comments