आम आदमी क्लीनिकों में अनिश्चितकालीन हड़ताल ....
- OPD में स्वास्थ्य सेवाएं ठप्प, मांगों का स्थायी समाधान नहीं होने तक जारी रहेगा संघर्ष
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला में पंजाब सरकार के फ्लैगशिप प्रोजेक्ट 'आम आदमी क्लीनिक' में सेवाएं दे रहे डॉक्टरों, फार्मासिस्टों और क्लीनिकल असिस्टेंटों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। 'आम आदमी क्लीनिक सांझा फ्रंट, पंजाब' के आह्वान पर राज्यभर के क्लीनिकों में तैनात स्वास्थ्य कर्मचारियों ने ओपीडी सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए पूरी तरह बंद कर दी हैं। हड़ताल के चलते इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सांझा फ्रंट के नेताओं ने बताया कि नौकरी की सुरक्षा, सम्मानजनक सेवा शर्तों और अन्य लंबित मांगों के समाधान के लिए वे लंबे समय से सरकार और स्वास्थ्य विभाग के साथ कई दौर की बैठकें कर चुके हैं। उनका आरोप है कि हर बार केवल आश्वासन दिए गए, लेकिन आज तक कोई ठोस निर्णय लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। सरकार के इसी रवैये से निराश होकर कर्मचारियों को अनिश्चितकालीन हड़ताल का फैसला लेना पड़ा।
फ्रंट के अनुसार, प्रदेश के सभी 23 जिलों के सिविल सर्जनों और डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज (पंजाब) को मांग-पत्र सौंपे जा चुके हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह को भी 8 से 10 बार व्यक्तिगत रूप से मांग-पत्र दिए गए, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई।
सांझा फ्रंट ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक का स्टाफ लंबे समय से लाखों लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है, लेकिन अब कर्मचारियों के सब्र का बांध टूट चुका है। फ्रंट ने चेतावनी दी है कि यदि हड़ताल के दौरान जनता को किसी प्रकार की असुविधा होती है या किसी तरह का नुकसान होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार, स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग की होगी।
कर्मचारियों ने सरकार से तत्काल बातचीत कर उनकी मांगों पर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।



.jpg)







.jpeg)














No comments