ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में रिश्तेदार ने ही घर से उड़ाए लाखों के गहने, FIR दर्ज ....

- चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा, चकमा देकर मौके से आरोपी फरार  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला     

कपूरथला शहर के संतपुरा क्षेत्र में एक रिश्तेदार द्वारा घर से लाखों रुपये के सोने के गहने चोरी करने की खबर है। आरोपी युवक चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए परिजनों के हत्थे चढ़ गया और आरोपी ने पहले भी की गई चोरी कबुली है। हालाँकि आरोपी मौके से चकमा देकर फरार हो गया है। वहीँ पीड़ित की शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि जांच अधिकारी एएसआई बलदेव सिंह ने भी की है। 

पुलिस को दी शिकायत में संतपुरा निवासी पीड़ित मलकीत सिंह पुत्र दरबारा सिंह ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है। उसकी पत्नी दलजीत कौर का भतीजा अमन पुत्र रणजीत सिंह निवासी गांव डैनविंड अक्सर उनके घर आता-जाता था और कई बार रात को भी वहीं ठहर जाता था। 

पीड़ित के अनुसार बीती 15 तारीख को अमन उनके घर आया हुआ था। उस समय उसकी पत्नी भी घर पर मौजूद थी। कुछ देर बाद दूसरे कमरे के अंदर से कुछ आवाज आने पर जब वह कमरे में पहुंचे तो देखा कि अमन संदूक खोलकर उसमें रखे गहनों के साथ बैठा था। उसके हाथ में कुछ सोने के गहने भी थे। परिवार ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। लेकिन आरोपी मौका देख घर से फरार हो गया। 

प्राथमिक जांच के दौरान पता चला कि घर के संदूक से चार जोड़ी सोने के टॉप्स, तीन महिलाओं की अंगूठियां, तीन पुरुषों की अंगूठियां और एक सोने की चेन गायब थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अमन ने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी उनके घर से सोने के सामान की चोरी करता रहा है।

थाना सिटी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है। 

No comments