ब्रेकिंग न्यूज़

राज्यसभा में सीचेवाल ने प्रत्येक नागरिक के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की मांग उठाई ....

- बीमारियों की समय पर पहचान से अनेक बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं-- सीचेवाल 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला       

राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने केंद्र सरकार से देश के प्रत्येक नागरिक के लिए वर्ष में कम-से-कम एक बार निःशुल्क निवारक स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक डायग्नोस्टिक परीक्षण उपलब्ध कराने संबंधी नीति बनाने की मांग की। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या सरकार बीमारी की प्रारंभिक अवस्था में पहचान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक नागरिक को निःशुल्क स्वास्थ्य स्क्रीनिंग उपलब्ध कराने हेतु कोई राष्ट्रव्यापी योजना बना रही है। 

संत सीचेवाल ने कहा, “बीमारी का इलाज करने से अधिक महत्वपूर्ण है कि उसकी समय रहते पहचान कर उसे रोका जाए। यदि आम नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच हो, तो अनेक गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक चरण में पता लगाया जा सकता है और अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं।” 

राज्यसभा में दिए गए अपने उत्तर में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि सरकार सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए अनेक पहल कर रही है। मंत्रालय के अनुसार 30 जून 2026 तक देशभर में 1,86,298 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा चुके हैं, जहां व्यापक प्राथमिक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। 

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने अपने उत्तर में बताया कि फ्री डायग्नोस्टिक्स सर्विस इनिशिएटिव के अंतर्गत सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में विभिन्न स्तरों पर निःशुल्क पैथोलॉजी तथा रेडियोलॉजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके तहत जिला अस्पतालों में 134, उप-जिला अस्पतालों में 111 तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 97 प्रकार की जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। 

उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय गैर-संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत देशभर में बड़े स्तर पर स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 30 जून 2026 तक उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) की 42.25 करोड़, मधुमेह (डायबिटीज़) की 42.09 करोड़, मुख कैंसर की 35.97 करोड़, स्तन कैंसर की 16.86 करोड़ तथा गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की 9.24 करोड़ स्क्रीनिंग देशभर के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में की जा चुकी हैं। 

No comments