पंजाब भर में सुरक्षा को लेकर विशेष चेकिंग अभियान जारी ....
- डीआईजी नवीन सिंघला ने कपूरथला में संभाला मोर्चा
- घल्लूघारा दिवस को लेकर भी पुलिस पूरी तरह सतर्क
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
पंजाब पुलिस की ओर से पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस द्वारा लगातार जांच और तलाशी अभियान जारी है ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके।
इसी कड़ी के तहत जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंघला ने कपूरथला रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की और कई लोगों से पूछताछ भी की। इसके साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन चेकिंग की गई। पुलिस टीम पूरे अभियान के दौरान हाई अलर्ट पर दिखाई दी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।
डीआईजी नवीन सिंघला ने बताया कि यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि चेकिंग के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी निकाले जाएंगे, ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।
- व्यापारियों से बढ़ाया जाएगा संवाद और विश्वास ....
डीआईजी ने बताया कि पुलिस व्यापारिक संगठनों और कारोबारियों के साथ भी लगातार संपर्क बनाएगी। व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को सुनने के लिए विशेष बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और व्यापारिक वर्ग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान किया जाएगा।
- फिरोजपुर की घटना के बाद व्यापारियों में बढ़ी चिंता ....
डीआईजी ने कहा कि हाल ही में फिरोजपुर के मखू कस्बे में एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के बाद व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। ऐसे मामलों को देखते हुए पुलिस व्यापारियों के साथ संवाद बढ़ाकर उनका विश्वास मजबूत करने का प्रयास कर रही है तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
- घल्लूघारा दिवस को लेकर भी पुलिस पूरी तरह सतर्क ....
डीआईजी नवीन सिंघला ने कहा कि आगामी घल्लूघारा दिवस के मद्देनजर भी पंजाब पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई जा रही है और खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।
- पुलिस विभाग में नफरी की कमी को स्वीकारा ....
एक सवाल के जवाब में डीआईजी नवीन सिंघला ने माना कि पुलिस विभाग में नफरी की कमी एक चुनौती रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई नई भर्तियों और तैनातियों के कारण स्थिति में सुधार हो रहा है और आने वाले समय में यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
- आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्रयास ....
डीआईजी ने कहा कि नियमित चेकिंग, फ्लैग मार्च और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से आपराधिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस की सक्रियता से कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।




.jpg)






















No comments