2027 में सरकार-ए-खालसा की स्थापना करना भाजपा का लक्ष्य -- केवल सिंह ढिल्लों
- पूर्व केन्द्रीय मंत्री सोम प्रकाश के आवास पर हुआ भव्य स्वागत
खबरनामा इंडिया बबलू। फगवाड़ा
पंजाब भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों का आज फगवाड़ा पहुंचने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश के आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव अवतार सिंह मंड, पूर्व मेयर अरुण खोसला तथा अन्य नेताओं ने फूलों की मालाएं पहनाकर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश उनके बड़े भाई समान हैं तथा उनके मार्गदर्शन में पंजाब भाजपा को मजबूत किया जाएगा, ताकि वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल कर राज्य में सरकार-ए-खालसा की स्थापना की जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा विरोधी सरकारों ने पंजाब का बहुत नुकसान किया है और अब पंजाब के लोग भी इस बात के पक्षधर हैं कि यदि पंजाब को विकास की राह पर आगे बढ़ाना है तो भाजपा की डबल इंजन सरकार बनानी होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा पहले से ही शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह से प्रेरित है और केंद्र की मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास की नीति पर चल रही है। एक सवाल के जवाब में सरदार ढिल्लों ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन करने का फैसला केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। फिर भी यदि भाजपा अकेले चुनाव लडऩे का निर्णय करती है तो पार्टी के सभी कार्यकर्ता दोगुने उत्साह के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों के विकास के बिना पंजाब का विकास संभव नहीं है और मोदी सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। छोटे किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान किया जाना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।
उन्होंने पंजाब भाजपा को कमजोर समझने वाले विपक्षी नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि हाल ही में पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव परिणामों से उन्हें सबक लेना चाहिए। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव अवतार सिंह मंड ने बताया कि पंजाब अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पंजाब के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। परमजीत पम्मा चाचोकी ने कहा कि भाजपा की सरकार वाले अन्य राज्यों की तरह पंजाब में भी भाजपा सरकार बनने पर जमींदारों को 21 फसलों पर एमएसपी की सुविधा मिलेगी।
पूर्व मेयर अरुण खोसला ने कहा कि पंजाब अध्यक्ष द्वारा दिए गए उत्साहवर्धन से फगवाड़ा के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार हुआ है। मोदी सरकार की उपलब्धियों और भाजपा की नीतियों को प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, श्रीमती अनीता सोम प्रकाश, पंजाब के पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद तथा जिला कपूरथला के प्रधान रणजीत सिंह खोजेवाल ने भी कहा कि इस समय पूरे देश में भाजपा की लहर चल रही है, जिसका प्रभाव बंगाल के बाद अब आगामी विधानसभा चुनावों के दौरान पंजाब में भी स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर परमिंदर सिंह बराड़ महासचिव, पंजाब, अजय कौशल सेठू जिला अध्यक्ष, मुकेरियां, सुशील पिंकी तलवाड़ा, संगठन प्रभारी राजीव पाहवा, अशोक सेठी, पियूष मंचंदा, दिनेश दुग्गल, नितिन चड्ढा, रमन नेहरा, विशाल वालिया, सुलभ छाबड़ा, डॉ. अशोक भाटिया, रोशन लाल, राजू, बल्लू वालिया, जीता पंडवा, नरेश कोटरानी, रणजीत पाल पाबला, राजकुमार गुप्ता, बीरा राम वलजोत पार्षद, हैप्पी ब्रोकर, हरमेश नवीं आबादी, रीना खोसला, निक्की शर्मा, मनिंदर कौर, जसविंदर कौर, वीवा ठाकुर, संगीता, चंद्रेश कौल, किरण गुप्ता, कमलजीत सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।



.jpg)








.jpeg)













No comments