ब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब के लॉ कॉलेज में सनसनीखेज वारदात .....

- युवक ने छात्रा की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद को भी मारी गोली  

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। पंजाब     

पंजाब के तरनतारन जिले में स्थित एक लॉ कॉलेज में आज उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने कॉलेज परिसर के अंदर ही एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस पूरी घटना का करीब 10 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। 

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि छात्रा क्लासरूम में बेंच पर बैठी हुई थी। इसी दौरान युवक वहां पहुंचता है और दोनों के बीच कुछ बातचीत होती है। अचानक युवक पिस्टल निकालता है और छात्रा के सिर में गोली मार देता है। इसके बाद वह दोबारा पिस्टल को लोड करता है और खुद के सिर में गोली मारकर वहीं गिर पड़ता है। गोली की आवाज सुनते ही वहां मौजूद एक अन्य छात्रा घबराकर बाहर की ओर दौड़ती है, जिसके बाद अन्य छात्र भी मौके पर पहुंच जाते हैं। 

मृतका की पहचान संदीप कौर (20 वर्षीय) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी युवक की पहचान प्रिंसराज सिंह वासी नौशहरा पन्नुआं के तौर पर हुई है। दोनों ही उसी लॉ कॉलेज के छात्र थे। पुलिस के अनुसार घटना के समय अभी क्लास शुरू नहीं हुई थी। गोली लगते ही दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे लॉ कॉलेज को सील कर दिया गया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।  वहीं, वारदात की खबर मिलते ही दोनों के परिवारजन भी कॉलेज पहुंच गए।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे मृतका के परिजनों और अन्य अभिभावकों ने कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पेरेंट्स का कहना है कि कॉलेज में बच्चों की कोई सुरक्षा नहीं है। किसी ने यह जांच तक नहीं की कि कोई छात्र हथियार लेकर अंदर कैसे आ गया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद छात्रा की मां को फोन कर यह कहा गया कि बेटी का मामूली झगड़ा हुआ है और सिर फट गया है, लेकिन जब पंचायत मौके पर पहुंची तो सच्चाई सामने आई कि छात्रा को गोली मारी गई थी। 

परिजनों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कॉलेजों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारिओ के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।  

No comments