ब्रेकिंग न्यूज़

पूर्व मंत्री भारत भूषण आशू का रिमांड बढ़ा पढ़ें ...??

 - आशू को लुधियाना के एक सैलून में बाल कटवाते हुए सोमवार को विजिलेंस ने किया था गिरफ्तार   

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। लुधियाना, पंजाब       

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा गिरफ्तार पूर्व मंत्री भारत भूषण आशू का माननीय अदालत ने 2 दिन का रिमांड और बढ़ा दिया है। विजिलेंस की टीम ने आशू को लुधियाना की दाना मंडी के टेंडर घोटाले के आरोप में सोमवार शाम गिरफ्तार किया था। पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी तब हुई, जब वह लुधियाना के एक सैलून में बाल कटवा रहे थे। आशू को आप सरकार ने भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया है। वहीँ जून में विजिलेंस ने पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता साधु सिंह धर्मसोत को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया था।  

विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारियों के अनुसार बीते हफ्ते लुधियाना की दाना मंडी में वाहनों के फर्जी पंजीकरण नंबरों पर परिवहन टेंडर आवंटित करने के घोटाले में एक फर्म के 3 लोगों और राज्य के खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग के कुछ अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। 

जांच के दौरान पाया गया कि लुधियाना में लेबर, कार्टेज और ट्रांसपोर्टेशन कार्यों के लिए वर्ष 2020-21 के टेंडर जमा करते समय कुछ ठेकेदारों द्वारा जमा किए गए वाहनों की सूची में स्कूटर, मोटरसाइकिल और कारों के रजिस्ट्रेशन नंबर थे। इनके गेट पास वेरिफाई किए बिना ही ठेकेदारों को बिल की अदायगी कर दी गई।  

बता दे कि उक्त मामले में निजी फर्म के ठेकेदार तेलू राम को गिरफ्तार किया गया था। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि तेलू राम से पूछताछ के बाद करोड़ों रुपये के घोटाले का खुलासा हुआ। इसके बाद सबूतों के आधार पर भारत भूषण आशु को आरोपी बनाया था।    




No comments