ब्रेकिंग न्यूज़

RCF में 2 नवंबर से सजेगा 3 दिवसीय दिवाली मेला, तैयारियां मुकम्मल ...

- हरविंदर संधू नाइट, गतका प्रदर्शन और भांगड़ा रहेगा मुख्य आकर्षण  

- बच्चों के लिए झूले और खरीदारी के लिए सजेंगी विभिन्न आकर्षक दुकानें 

खबरनामा इंडिया बबलू, कपूरथला   

कपूरथला रेल कोच फैक्ट्री के साहिबजादा अजीत सिंह इंस्टीट्यूट (वर्कर क्लब) की ओर से 2 से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय 32वें सभ्याचारक दिवाली मेले-2026 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वर्कर क्लब परिसर में प्रतिदिन शाम 7 बजे से आयोजित होने वाले इस सांस्कृतिक महोत्सव के लिए पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

मेले की तैयारियों का जायजा लेते हुए वर्कर क्लब के सचिव भरत राज ने बताया कि आरसीएफ परिवार की सांस्कृतिक विरासत और आपसी भाईचारे को समर्पित इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए सुरक्षा, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं के सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मेले के पहले दिन 2 नवंबर (सोमवार) को भव्य उद्घाटन होगा। इस दौरान दलेर खालसा इंटरनेशनल गतका ग्रुप द्वारा हैरतअंगेज गतका प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा आरसीएफ कर्मचारियों के परिवारों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

मेले के दूसरे दिन 3 नवंबर (मंगलवार) को हरविंदर संधू नाइट विशेष आकर्षण रहेगी। प्रसिद्ध पंजाबी गायक हरविंदर संधू अपनी लाइव गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। वहीं, अंतिम दिन 4 नवंबर (बुधवार) को मुंडे रुरके वाले भांगड़ा ग्रुप की धमाकेदार प्रस्तुति और वर्कर क्लब के विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेले का समापन होगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ मेले में मनोरंजन, खरीदारी और खानपान के भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। बच्चों और युवाओं के लिए आकर्षक झूले, खेल और खिलौनों के स्टॉल लगाए गए हैं। दिवाली की खरीदारी के लिए सजावटी सामान, कपड़ों और हस्तशिल्प की दुकानें भी सजाई गई हैं। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजनों, स्ट्रीट फूड और पारंपरिक मिठाइयों के स्टॉल भी मेले की रौनक बढ़ाएंगे।

वर्कर क्लब और आरसीएफ एम्पलाइज यूनियन ने RCF निवासियों तथा कपूरथला शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवारों और मित्रों सहित मेले में पहुंचकर सांस्कृतिक उत्सव का आनंद लें और आयोजन को सफल बनाएं। 

No comments