गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर मीटिंग ...
- संत सीचेवाल ने अधिकारियों को दिए निर्देश
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने एसडीएम शूभी अंगरा के साथ मीटिंग की। इस दौरान उन्होंने शहर में चल रहे विभिन्न अधूरे विकास कार्यों की समीक्षा की, जिनके संबंध में हुई पहली मीटिंग में विचार-विमर्श किया गया था।
संत सीचेवाल ने शहर की सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइटें लगाने, सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, संगत के रहने की व्यवस्था, पुलों की मरम्मत और कूड़े के उचित प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे एसडीएम के ध्यान में लाए।
उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों की मरम्मत का काम दो महीने पहले ही पूरा हो जाना चाहिए था। उन्होंने इस बात पर भी हैरानी जताई कि हर साल वही समस्याएं सामने आती हैं, जिनके समाधान के लिए बार-बार जोर देना पड़ता है। संत सीचेवाल ने कहा कि सुल्तानपुर लोधी एक ऐतिहासिक और पवित्र नगरी है, जहां साल भर संगत का आना-जाना लगा रहता है। विशेषकर श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां नतमस्तक होने पहुंचते हैं। इसलिए शहर के प्रबंध हमेशा बेहतर और सुव्यवस्थित होने चाहिए।
इस मौके पर एसडीएम शूभी अंगरा ने राज्यसभा सदस्य संत सीचेवाल को भरोसा दिलाया कि शेष बचे विकास कार्य 20 नवंबर तक पूरे करवा दिए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि स्ट्रीट लाइटों, शहर में कूड़े के ढेरों की सफाई, संगत के आने-जाने के सुचारू प्रबंध और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
उल्लेखनीय है कि एसडीएम शूभी अंगरा द्वारा सुल्तानपुर लोधी का कार्यभार संभालने के बाद राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल के साथ यह उनकी पहली मुलाकात थी।
श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को समर्पित दूसरा महान नगर कीर्तन अवतार गौशाला, निर्मल कुटिया, गांव फत्तेवाल मंड से आरंभ होगा, जो देर शाम सुल्तानपुर लोधी पहुंचेगा। यह नगर कीर्तन निर्मल कुटिया फत्तेवाल मंड से गांव आहली खुर्द, बूले, हजारा, भीमा, चक्क, हाजीपुर, कबीरपुर, लोधीवाल, भागोबुढ़ा, बूसोवाल, तरफ हाजी, गुरुद्वारा श्री बेर साहिब से होता हुआ तलवंडी पुल के रास्ते गुरुद्वारा गुरप्रकाश साहिब पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा।









.jpeg)














No comments