ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में फिरौती के लिए फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार ....

- दो देसी पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद, विदेश में बैठे आरोपी की भूमिका भी आई सामने  

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला    

कपूरथला पुलिस ने गांव मोठांवाल में 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने के बाद मेडिकल स्टोर संचालक के घर पर गोलियां चलाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो अवैध देसी पिस्टल और एक बाइक भी बरामद की है।  

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरचेत सिंह उर्फ चेता पुत्र परमजीत सिंह निवासी कपूरथला तथा मनदीप सिंह उर्फ गोली पुत्र निर्मल सिंह निवासी चक्क कोटला, सुल्तानपुर लोधी के रूप में हुई है। 

एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने बताया कि जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एसपी हरविंदर सिंह और एएसपी सुल्तानपुर लोधी धीरेन्दर वर्मा की निगरानी में पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

SSP के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को गांव मोठांवाल में एक मेडिकल स्टोर संचालक से विदेश में बैठे व्यक्ति द्वारा 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। फिरौती की रकम नहीं देने पर अज्ञात आरोपियों ने मेडिकल स्टोर संचालक के घर पर गोलियां चलाकर दहशत फैलाने की कोशिश की। इस संबंध में थाना सुल्तानपुर लोधी में 28 अक्टूबर को एफआईआर नंबर 247, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 308(4), 125, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया था। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए कपूरथला के रमन कुमार, टेक्निकल सेल के इंचार्ज चरणजीत सिंह तथा थाना सुल्तानपुर लोधी के एसआई दविंदर पाल की टीमों ने टेक्निकल और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मनदीप सिंह उर्फ गोली ने मेडिकल स्टोर संचालक के संबंध में जानकारी एकत्रित कर विदेश में बैठे दविंदर सिंह उर्फ राजा पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी गांव चंगा कलां, थाना शाहकोट, जिला जालंधर को उपलब्ध करवाई थी। इसके बाद विदेश में बैठे दविंदर सिंह उर्फ राजा की ओर से मेडिकल स्टोर संचालक से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस के अनुसार दविंदर सिंह उर्फ राजा के कहने पर ही गुरचेत सिंह उर्फ चेता और मनदीप सिंह उर्फ गोली ने मेडिकल स्टोर संचालक के घर पर गोलियां चलाई थीं। 

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दो देसी पिस्टल .30 बोर और एक बाइक ( PB-41-D-3338) बरामद की है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड भी हासिल किया है। पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस मामले में शामिल अन्य लोगों और विदेश में बैठे आरोपी की भूमिका के संबंध में और खुलासे किए जा सकें।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी मनदीप सिंह उर्फ गोली के खिलाफ थाना सुल्तानपुर लोधी में 2 मई 2025 को भी विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज है। 

No comments