ब्रेकिंग न्यूज़

रूस गया पंजाबी युवक जबरन रूसी सेना में भर्ती, भागकर पहुंचा यूक्रेन, सुरक्षित वापसी की गुहार ....

- राज्यसभा सांसद संत सीचेवाल से मिला परिवार, विदेश मंत्री जयशंकर को पत्र लिखकर मांगी मदद  

- पत्नी और दो बच्चे कर रहे वापसी का इंतजार

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला       

विदेश में रोजगार और बेहतर भविष्य की तलाश में जाने वाले पंजाबी युवाओं के साथ धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला जालंधर के रहने वाले गुरप्रीत सिंह रंधावा का सामने आया है। परिवार के अनुसार, ड्राइविंग का काम करने और परिवार का भविष्य संवारने के लिए रूस गए गुरप्रीत को कथित तौर पर मारपीट के बाद जबरन रूसी सेना में भर्ती कर लिया गया। अपनी जान बचाने के लिए वह कई दिन जंगलों में भूखे-प्यासे भटकने के बाद किसी तरह यूक्रेन पहुंचा, लेकिन अब वहां फंसा हुआ है।

गुरप्रीत सिंह की सुरक्षित भारत वापसी के लिए उसके परिवार ने राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संत सीचेवाल ने तुरंत विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करने और युवक को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

गुरप्रीत की बहन जसविंदर कौर ने बताया कि उनका भाई अगस्त 2026 में ड्राइविंग का काम करने और बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर रूस गया था। लेकिन वहां पहुंचने के बाद कथित तौर पर उसका पुराना पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज छीन लिए गए तथा उसे रूस का नया पासपोर्ट दे दिया गया। उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया, जिसके कारण परिवार से उसका संपर्क टूट गया।

कई सप्ताह तक गुरप्रीत की कोई खबर नहीं मिलने से परिवार परेशान था। इसी बीच 11 अक्टूबर को अचानक उसकी परिवार के साथ फोन पर बात हुई। उसने बताया कि उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई और उसे जबरन रूसी सेना में भर्ती कर लिया गया है। उसने परिवार को अपनी जान पर खतरे की बात बताते हुए वहां की भयावह परिस्थितियों के बारे में जानकारी दी। गुरप्रीत ने कहा कि वह किसी भी तरह वहां से भागने की कोशिश करेगा।

परिवार के मुताबिक, गुरप्रीत किसी तरह रूसी सेना के कब्जे वाले क्षेत्र से निकलकर यूक्रेन पहुंचने में सफल रहा। हालांकि, इसके बाद परिवार से उसका दोबारा संपर्क टूट गया। बाद में सोशल मीडिया पर परिवार को उसका एक वीडियो मिला, जिसमें वह एक यूट्यूबर के साथ पॉडकास्ट में अपनी आपबीती सुनाता नजर आया। वीडियो में उसने बताया कि जान बचाने के लिए उसे तीन-चार दिन तक जंगलों में भूखे-प्यासे भटकना पड़ा। बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए वह यूक्रेन पहुंचा।

गुरप्रीत के परिवार में उसकी पत्नी, दो छोटे बच्चे और चार बहनें हैं। उसके बच्चे पिता की घर वापसी का इंतजार कर रहे हैं, जबकि पत्नी और बहनें उसकी सलामती के लिए लगातार अरदास कर रही हैं। परिवार ने भारत सरकार से अपील की है कि गुरप्रीत को जल्द से जल्द सुरक्षित वापस लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि रोजगार और सुनहरे भविष्य के सपने लेकर विदेश जाने वाले पंजाबी युवाओं को इस तरह युद्ध की आग में झोंका जाना बेहद दुखद है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि विदेश जाने की जल्दबाजी और अधिक कमाई के लालच में किसी अनजान एजेंट या फर्जी कंपनी के झांसे में न आएं। 

No comments