ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स वैन को हरी झंडी ....

- अब सिर्फ 50 रुपये में मौके पर करवा सकेंगे खाद्य पदार्थों की जांच  

खबरनामा इंडिया बबलू, कपूरथला   

होशियारपुर के सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने आज DC कपूरथला आकाश बांसल, ADC फगवाड़ा रणदीप सिंह हीर तथा सहायक कमिश्नर (फूड) हरजोत पाल सिंह की मौजूदगी में जिला कपूरथला में फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स (Food Safety on Wheels) वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

इस मौके पर जानकारी देते हुए बताया कि इस मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के प्रति जागरूक करना और उन्हें रोजाना इस्तेमाल होने वाली खाद्य वस्तुओं की प्राथमिक जांच की सुविधा उनके नजदीक ही उपलब्ध करवाना है। कोई भी आम नागरिक केवल 50 रुपये प्रति जांच शुल्क देकर अपने खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच करवा सकता है और तुरंत परिणाम प्राप्त कर सकता है। 

इस वैन में विभिन्न आधुनिक जांच उपकरण और मशीनें उपलब्ध हैं। इनमें मिल्कोस्क्रीन (Milkoscreen) के माध्यम से दूध और दही में फैट, एस.एन.एफ. (SNF), प्रोटीन की मात्रा तथा संभावित मिलावट की जांच की जा सकती है। इसी तरह रिफ्रैक्टोमीटर (Refractometer) की मदद से जूस जैसे तरल पदार्थों में शुगर की मात्रा और घुलनशील ठोस पदार्थों (Soluble Solids) की जांच की जा सकती है। 

इसके अलावा वैन में पानी की गुणवत्ता और टी.डी.एस. (TDS) की जांच की सुविधा भी उपलब्ध है। मसालों में मिलाए गए कृत्रिम रंगों तथा मिठाइयों में स्टार्च की मौजूदगी की प्राथमिक जांच भी की जा सकती है। 

यह वैन निर्धारित रोस्टर के अनुसार जिला कपूरथला के विभिन्न शहरों, कस्बों और गांवों में ले जाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। आम नागरिक अपने रोजाना इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों के नमूने लाकर केवल 50 रुपये शुल्क देकर मौके पर ही उनकी प्राथमिक जांच करवा सकते हैं। 

इस पहल से जहां लोगों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के बारे में जानकारी मिलेगी, वहीं खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित भोजन के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने में भी मदद मिलेगी। 

No comments