झोटा हत्याकांड-- CBI ने दर्ज की नई FIR, DSP और ड्रग इंस्पेक्टर सस्पेंड ...
- जांच शुरू होते ही पंजाब सरकार का एक्शन; पोस्टमॉर्टम को लेकर परिवार और एक्शन कमेटी की बैठक का इंतजार, मानसा सिविल अस्पताल में निहंगों का पहरा
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। पंजाब
पंजाब के नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपने हाथ में लेते हुए नई FIR दर्ज कर ली है। बुधवार को CBI की टीम झोटा के घर पहुंची और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए। इसके बाद टीम वापस मंडी बोर्ड के रेस्ट हाउस लौट गई। CBI की कार्रवाई शुरू होते ही पंजाब सरकार भी हरकत में आ गई। SHO के निलंबन के बाद अब DSP हरजिंदर सिंह गिल और ड्रग इंस्पेक्टर नरेश कुमार को भी सस्पेंड कर दिया गया है।
सूत्रों की माने तो, CBI टीम ने परिवार को परविंदर झोटा के शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के लिए राजी कर लिया है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम फैसला अभी बाकी है। झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर पोस्टमॉर्टम को लेकर धरने पर बैठे लोगों से राय लेने पहुंचीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक्शन कमेटी के साथ बातचीत के बाद ही इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
दूसरी तरफ पोस्टमॉर्टम की चर्चा के बीच निहंगों ने मानसा के सिविल अस्पताल को घेर लिया है। वे झोटा का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाने की मांग पर अड़े हुए हैं। इस कारण शव का पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार अभी तक नहीं हो सका है।
CBI की टीम मंगलवार आधी रात को ही मानसा पहुंच गई थी। टीम ने रात में संबंधित थाने में पहुंचकर मामले से जुड़े रिकॉर्ड और सबूत अपने कब्जे में ले लिए। CBI प्रवक्ता के अनुसार, सीनियर DIG की अगुआई में मामले की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 20 अक्टूबर को परविंदर झोटा हत्याकांड की जांच CBI को सौंपने का ऐलान किया था। इसके बाद पंजाब दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी झोटा के परिवार से मुलाकात कर मामले की गहराई से जांच करवाने और न्याय दिलाने का भरोसा दिया था।
नौवें दिन भी धरना जारी
परविंदर झोटा के परिवार का धरना बुधवार को नौवें दिन भी जारी है। परिवार ने अभी तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया है। झोटा के पिता भीम सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनकी मांगों को लेकर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
गौरतलब है कि 13 अक्टूबर को केमिस्ट अश्विनी कुमार ने कथित तौर पर गोली मारकर परविंदर झोटा की हत्या कर दी थी। नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले झोटा की हत्या के बाद पंजाब में विरोध प्रदर्शन हुए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठी। अब CBI जांच शुरू होने के बाद परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद है।



.jpg)







.jpeg)














No comments