कपूरथला पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ तीन हिस्ट्रीशीटर किए गिरफ्तार ....
- आिस्ट्रया मेड ग्लॉक पिस्टल सहित 9 कारतूस बरामद, दो देसी पिस्तौल भी बरामद
- बिना नंबर प्लेट सफेद फिएट लीनिया कार में सवार थे तीनों, मुख्य आरोपी पर कत्ल, लड़ाई झगड़े और एनडीपीएस एक्ट के 16 केस दर्ज
खबरनामा इंडिया, बबलू। कपूरथला
कपूरथला सीआईए स्टाफ की पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ तीन हिस्ट्रीशीटर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आिस्ट्रया मेड एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल, दो देसी .32 बोर पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की फिएट लीनिया कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में कत्ल, लड़ाई-झगड़े और एनडीपीएस के कई मामले दर्ज हैं।
एसपी हरिंदर सिंह ने बताया कि डीएसपी सुखपाल सिंह रंधावा और सीआईए प्रभारी रमन कुमार की देखरेख में गत दिवस एएसआई जसवीर सिंह के साथ सीआईए कपूरथला की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव डैणविंड के श्मशानघाट के पास बिना नंबर प्लेट वाली सफेद फिएट लीनिया कार में सवार तीन व्यक्तियों को काबू कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरकृष्ण सिंह उर्फ मोनू ढपई निवासी गांव ढपई, गुरजिंदरपाल सिंह उर्फ डोगर निवासी गांव धम्म और सरबजीत सिंह उर्फ साबी निवासी गांव सिधवां दोनां जिला कपूरथला के रूप में हुई है। एसपी के अनुसार तलाशी के दौरान हरकृष्ण सिंह उर्फ मोनू ढपई के कब्जे से एक देसी .32 बोर पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। गुरजिंदरपाल सिंह उर्फ डोगर से एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस मिले। वहीं, सरबजीत सिंह उर्फ साबी के कब्जे से एक देसी .32 बोर पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में थाना कोतवाली कपूरथला में मुकदमा नंबर 204, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसपी हरिंदर सिंह ने यह भी बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और कई मामलों में सजायाफ्ता भी हैं और जमानत पर बाहर आए हुए हैं। मोनू ढपई पर कत्ल, मारपीट, लड़ाई-झगड़े और एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न थानों में 16, डोगर पर सात और साबी पर तीन केस एनडीपीएस एक्ट के पहले से दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि इन मामलों में आरोपी भगोड़े भी हैं। तीनों को अदालत में पेश करके दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान अवैध हथियारों के संबंध में और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।



.jpg)







.jpeg)














No comments