ब्रेकिंग न्यूज़

चेयरमैन इंडियन ने वडाला कलां मंडी का किया दौरा ....

- किसानों, आढ़तियों और मजदूरों से की बातचीत, समस्याओं के तत्काल समाधान के अधिकारियों को दिए निर्देश  

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला   

धान खरीद सीजन के मद्देनजर मार्केट कमेटी कपूरथला के चेयरमैन गुरपाल सिंह इंडियन लगातार मंडियों का दौरा कर खरीद प्रबंधों का जायजा ले रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को उन्होंने वडाला कलां मंडी का दौरा किया और किसानों, आढ़तियों तथा मजदूरों से बातचीत कर धान की खरीद के दौरान आ रही समस्याओं की जानकारी ली। 

मंडी दौरे के दौरान किसानों और आढ़तियों ने चेयरमैन के समक्ष खरीद प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं। इस पर चेयरमैन इंडियन ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। मार्केट कमेटी के सचिव सुखदीप सिंह, निरीक्षक, शेलर मालिकों, आढ़तियों और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में समस्याओं के समाधान के लिए कार्रवाई की गई। 

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए चेयरमैन गुरपाल सिंह इंडियन ने कहा कि पंजाब की भगवंत मान सरकार द्वारा धान की खरीद के लिए उचित प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि खरीद व्यवस्था से किसान संतुष्ट हैं और फसल की अदायगी सीधे किसानों के बैंक खातों में की जा रही है, ताकि उन्हें भुगतान के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। 

चेयरमैन ने किसानों से अपील की कि वे अपनी सूखी धान की फसल ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से कम कीमत पर नहीं बिकने दी जाएगी।  

उन्होंने कहा कि मंडियों में खरीद प्रबंधों की निगरानी लगातार जारी रहेगी और किसानों को पेश आने वाली समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। 

No comments