ब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब पुलिस का सिपाही नशे के साथ गिरफ्तार, 10 ग्राम हेरोइन बरामद ....

- तस्करी की शिकायतों के बाद पुलिस ने बिछाया जाल, बर्खास्तगी की तलवार लटकी 

खबरनामा इंडिया बबलू। पंजाब   

पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के बीच खन्ना पुलिस ने पंजाब पुलिस के एक सिपाही को 10 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अरुण शर्मा के रूप में हुई है। वह ड्यूटी में लापरवाही के चलते पहले से ही खन्ना पुलिस लाइन में लाइन हाजिर चल रहा था। अब नशे के साथ गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई और बर्खास्तगी की तलवार लटक गई है।

सिटी थाना-2 के SHO तरविंदर बेदी के अनुसार पुलिस को सिपाही अरुण शर्मा के खिलाफ नशा तस्करी से संबंधित कई शिकायतें मिल रही थीं। 4 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अरुण शर्मा हेरोइन की तस्करी के लिए निकला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जकार्रवाई करते हुए उसके लिए जाल बिछाया। 

पुलिस ने आरोपी सिपाही को रविवार शाम अमलोह रोड पर सब्जी मंडी के पीछे से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम को देखते ही उसने हाथ में पकड़ा हुआ लिफाफा पैरों के पास फेंक दिया। तलाशी लेने पर लिफाफे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन वह कहां से लेकर आया था और इसके पीछे नशा तस्करी का कोई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। 

इसी अभियान के तहत खन्ना पुलिस ने एक होमगार्ड जवान को उसके दो दोस्तों के साथ नशा करते हुए भी गिरफ्तार किया है। पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर नशे के स्रोत और उनके संपर्कों के बारे में जानकारी जुटा रही है। 

पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी विभाग से संबंधित क्यों न हो।  

No comments