कपूरथला में आधीरात को एक घर पर फायरिंग, FIR दर्ज ....
- तीन बाइक पर आए आधा दर्जन से अधिक हमलावर, कारतूस बरामद, पुलिस जाँच में जुटी
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला की सब-डिवीजन फगवाड़ा की नंगल कॉलोनी में आधी रात के बाद उस समय दहशत फैल गई, जब तीन मोटरसाइकिलों पर सवार आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद हमलावरों ने एक घर पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर के बाहर गाली-गलौज की और मुख्य गेट को तोड़ने का प्रयास किया। इसके बाद घर की तरफ कई राउंड फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पीड़ित प्रियांशु की शिकायत के अनुसार, हमलावर देर रात उसके घर पहुंचे और वहां गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद उन्होंने घर के मुख्य गेट को तोड़ने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर हमलावरों ने कथित तौर पर घर की ओर आधा दर्जन से अधिक राउंड फायर किए और फिर तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घर के बाहर कुछ खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस मिलने की बात सामने आई है। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
फगवाड़ा के डीएसपी पलविंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा होने की संभावना सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि करने के साथ-साथ घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
प्रियांशु की शिकायत पर पुलिस ने पीयूष शर्मा, तरन, गुगली, शम्मी खान, मानव हंस, जशन और सिमर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 307, 427, 506 तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, एसपी फगवाड़ा मेजर सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की कई पहलुओं से जांच कर रही है। घटना का पूरा क्रम पता लगाने और इसमें शामिल लोगों तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच सहित अन्य माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है। घटनास्थल से बरामद कारतूस और अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस नामजद आरोपियों की भूमिका और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि करने में जुटी हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है।



.jpg)







.jpeg)














No comments