DC कपूरथला के निजी स्कूलों को निर्देश ...
- शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम नंबर और ईमेल आईडी डिसप्ले करे
- शिक्षा विभाग करेगा औचक जांच; स्कूलों को ई-पंजाब पोर्टल पर पूरा फीस ढांचा अपलोड करने के भी निर्देश
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
DC कपूरथला आकाश बांसल ने जिले के सभी निजी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे दाखिले, स्कूल फीस, वर्दियों और किताबों से संबंधित शिकायतें दर्ज करवाने के लिए अभिभावकों और विद्यार्थियों की सुविधा हेतु जिला कंट्रोल रूम का संपर्क नंबर और ईमेल आईडी प्रमुखता से डिसप्ले करें।
जिला स्तरीय फीस रेगुलेटरी कमेटी की मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि सभी निजी स्कूल जिला कंट्रोल रूम का नंबर 01822-233777 और ईमेल आईडी dc.kpr@punjab.gov.in आसानी से दिखाई देने वाली जगहों पर प्रमुखता से डिसप्ले करें, ताकि अभिभावक, विद्यार्थी और अन्य लोग आसानी से अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकें।
उन्होंने स्कूलों को निर्देश दिए कि शिकायत संबंधी विवरण मुख्य प्रवेश द्वार के पास, स्कूलों के नोटिस बोर्डों, प्रिंसिपल के कमरे के बाहर और संबंधित स्कूलों की आधिकारिक वेबसाइटों पर डिसप्ले किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस पहल से अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और अभिभावकों तथा विद्यार्थियों को अपनी चिंताएं उठाने के लिए एक आसान माध्यम मिलेगा।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इन निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए। साथ ही उन्होंने बताया कि अनुपालन की पुष्टि करने के लिए शिक्षा विभाग की विशेष टीमें निजी स्कूलों की औचक जांच करेंगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर ने शिक्षा विभाग को यह भी निर्देश दिए कि वह निजी स्कूलों की रैंडम चेकिंग करे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि संस्थाएं स्कूल फीस विनियमन संबंधी पंजाब सरकार द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन कर रही हैं। ये टीमें पारदर्शिता और निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों द्वारा प्रस्तुत बैलेंस शीट और अन्य संबंधित वित्तीय रिकॉर्ड की भी जांच करेंगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्कूल फीस के संबंध में सरकार के निर्देशों का पालन करें और फीस में कोई भी अनधिकृत या अनुचित बढ़ोतरी न करें।
डिप्टी कमिश्नर ने सभी प्राइवेट स्कूलों को पंजाब शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार निर्धारित समय के भीतर ई-पंजाब पोर्टल पर अपना पूरा और अपडेटेड फीस ढांचा अपलोड करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों और अभिभावकों के हितों की रक्षा करने तथा शैक्षणिक संस्थानों के सार्वजनिक कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने सभी प्राईवेट स्कूलों से अपील की कि वे विभाग को पूर्ण सहयोग दें और सरकार तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी ममता बजाज, डिप्टी जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, डी.सी.एफ.ए. कुलदीप कुमार, लीगल एडवाइजर हरविंदर कौर, एडवोकेट हरप्रीत कौर कपूर और अन्य उपस्थित थे।

.png)

.jpg)







.jpeg)














No comments