ब्रेकिंग न्यूज़

पाकिस्तान गई पंजाबी महिला मामले में नया मोड़ ....

- सरबजीत के पति नासिर हुसैन की पहली पत्नी पहुंची लाहौर हाईकोर्ट, लगाए गंभीर आरोप 

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। पंजाब      

पाकिस्तान गई कपूरथला की महिला सरबजीत कौर से जुड़े मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। उसके पाकिस्तानी पति  नासिर हुसैन की पहली पत्नी साइमा ने लाहौर हाईकोर्ट का रुख करते हुए अपने पति और सरबजीत कौर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

साइमा नासर का आरोप है कि उनके पति नासिर हुसैन ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना सरबजीत कौर से दूसरी शादी कर ली। साइमा के अनुसार इसके बाद उन्हें उनके चार नाबालिग बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल दिया। उन्होंने अदालत से अपने बच्चों के लिए मासिक भत्ते के साथ-साथ रहने के लिए घर उपलब्ध करवाने की भी मांग की है।

एक मिडिया हॉउस के अनुसार हाई कोर्ट में दायर की याचिका में साइमा ने सरबजीत कौर पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि सरबजीत के कथित गैर जिम्मेदाराना व्यवहार का उनके बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साइमा ने आरोप यह भी लगाया कि सरबजीत कौर मोबाइल फोन के जरिए गैर-मर्दों के सामने आपत्तिजनक व्यवहार करती हैं और उनके पति के साथ भी कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में रहती हैं। यह सभी आरोप साइमा द्वारा लगाए गए हैं, जिनकी पुष्टि अदालत के अंतिम फैसले से होना बाकी है। 

साइमा का यह भी आरोप है कि भारत से यात्रा वीजा पर पाकिस्तान पहुंची सरबजीत कौर ने उनके घर पर कथित तौर पर जबरन कब्जा कर लिया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें और उनके चार छोटे बच्चों को घर से बाहर कर दिया गया तथा उनके कपड़े भी बाहर फेंक दिए गए। साइमा के अनुसार, इससे परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट पैदा हो गया है।

साइमा के वकील अली चंगेजी संधू के अनुसार पाकिस्तान के कानून में दूसरी शादी के संबंध में पहली पत्नी की अनुमति और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का प्रावधान है। साइमा का कहना है कि नासिर हुसैन ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना सरबजीत कौर से निकाह किया।

मामले पर सुनवाई करते हुए लाहौर हाईकोर्ट ने नासिर हुसैन को नोटिस जारी किया है। अब इस मामले में अदालत के समक्ष दोनों पक्षों की दलीलों के बाद आगे की कानूनी स्थिति स्पष्ट होगी। 

No comments