‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ को जन-खेल आंदोलन बनाने का आह्वान ....
- डीसी आकाश बांसल ने शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, 10 लाख प्रतिभागियों का लक्ष्य
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ के चौथे सीजन में जिले से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से DC आकाश बांसल ने जिले की यूनिवर्सिटियों, कॉलेजों और स्कूलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी शैक्षणिक संस्थानों से खेल विभाग के साथ बेहतर तालमेल बनाकर विद्यार्थियों और अन्य योग्य प्रतिभागियों को इन खेलों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
बैठक में सुल्तानपुर लोधी हलका इंचार्ज एवं अर्जुन अवॉर्डी सज्जन सिंह चीमा तथा कपूरथला हलका इंचार्ज एडवोकेट करमबीर सिंह चंदी, मार्केट कमेटी चेयरमैन गुरपाल सिंह, सहायक कमिश्नर रविंदर अरोड़ा भी मौजूद रहे।
DC ने कहा कि खेलों में रजिस्ट्रेशन को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। खासतौर पर 14 वर्ष से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को इन खेल प्रतियोगिताओं से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने स्कूल शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं पंचायत तथा युवा सेवाएं विभागों से खिलाड़ियों, खेल क्लबों और टीमों के अधिक से अधिक पंजीकरण में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने विभागीय कर्मचारियों को भी अपनी रुचि के अनुसार खेलों में भाग लेने और इस पहल के सक्रिय राजदूत बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
डीसी ने बताया कि ‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत लड़कों और लड़कियों के लिए ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर 9 आयु वर्गों में 38 खेल प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। इनमें एक प्रदर्शनी खेल टेनिस बॉल क्रिकेट तथा चार पैरा-खेल भी शामिल हैं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ग्रेडेशन प्रमाण पत्रों के अलावा 12 करोड़ रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिताओं के लिए आयु वर्ग अंडर-14, अंडर-17, अंडर-21, 21-30 वर्ष, 31-40 वर्ष, 41-50 वर्ष, 51-60 वर्ष, 61-70 वर्ष और 70 वर्ष से अधिक निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी नेशनल स्टाइल, कबड्डी सर्कल स्टाइल, फुटबॉल, वॉलीबॉल स्मैशिंग और वॉलीबॉल शूटिंग सहित सात खेलों की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू हो चुकी हैं और 18 सितंबर तक चलेंगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 20 सितंबर से 30 सितंबर तक आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा हैंडबॉल, सॉफ्टबॉल, जूडो, गतका, किकबॉक्सिंग, हॉकी, नेटबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, पावरलिफ्टिंग, लॉन टेनिस, कुश्ती, तैराकी, मुक्केबाजी, टेबल टेनिस, वेटलिफ्टिंग, शतरंज, शूटिंग, फेंसिंग, रोलर स्केटिंग और तीरंदाजी सहित कई अन्य खेल भी प्रतियोगिताओं का हिस्सा हैं।
सज्जन सिंह चीमा और एडवोकेट करमबीर सिंह चंदी ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 5 सितंबर को बठिंडा में ‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ के चौथे सीजन का उद्घाटन किया था। इसका समापन 29 नवंबर को पटियाला में भव्य समारोह के साथ होगा।
उन्होंने कहा कि पिछले संस्करणों में करीब पांच लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस बार 10 लाख प्रतिभागियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों, खेल क्लबों, युवा संगठनों और आम लोगों से बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर इस लक्ष्य को हासिल करने में योगदान देने की अपील की।
जिला खेल अधिकारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि खेलों में हिस्सा लेने के इच्छुक युवा और अन्य योग्य प्रतिभागी प्रचार सामग्री एवं पोस्टरों पर दिए गए QR कोड को स्कैन कर संबंधित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। उन्होंने इच्छुक प्रतिभागियों से जल्द से जल्द पंजीकरण करवाने की अपील की।



.jpg)







.jpeg)














No comments