ब्रेकिंग न्यूज़

‘खेडां वतन पंजाब दियां’ की गवाह बनेगी पवित्र काली बेई ....

- 10 से 15 अक्टूबर तक होंगे कयाकिंग-केनोइंग के राज्य स्तरीय मुकाबले, 23 जिलों की टीमें लेंगी भाग

- संत सीचेवाल वाटर स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से खेल प्रबंधों की तैयारियां 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

पंजाब के युवाओं को खेलों से जोड़ने और विशेष रूप से जल खेलों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के तहत सुल्तानपुर लोधी की पवित्र काली बेई कयाकिंग-केनोइंग मुकाबलों की गवाह बनने जा रही है। पवित्र काली बेई में कयाकिंग और केनोइंग के राज्य स्तरीय मुकाबले 10 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक करवाए जा रहे हैं। इन मुकाबलों में पंजाब के 23 जिलों की टीमें भाग लेंगी। 

इस संबंध में संत सीचेवाल वाटर स्पोर्ट्स अकादमी में पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। इस विशेष आयोजन की अगुवाई राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल करेंगे। पवित्र काली बेई के पानी में ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के तहत पहली बार ये मुकाबले करवाए जा रहे हैं। पंजाब के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए पवित्र काली बेई जहां एक बड़ा मंच प्रदान करेगी, वहीं सुल्तानपुर लोधी जल खेलों के केंद्र के रूप में भी उभरकर सामने आएगा। 

राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने तैयारियों का जायजा लेते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को कयाकिंग और केनोइंग जैसी खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आज के समय में खेल युवाओं को स्वस्थ रखने के साथ-साथ उनके लिए बेहतर भविष्य और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का मार्ग भी खोल रही हैं। 

जिला खेल अधिकारी कुलविंदर सिंह ने चैंपियनशिप संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब के 23 जिलों से खिलाड़ी इस राज्य स्तरीय मुकाबले में हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों और टीमों के लिए जरूरी प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि चैंपियनशिप को सुचारू ढंग से करवाया जा सके। 

इसी दौरान कोच अमनदीप सिंह खैहरा और प्रिया सैनी ने बताया कि मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 

No comments