ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में जागरण दौरान दो पक्ष हुए आमने-सामने, फायरिंग का आरोप, तीन घायल

- दो पक्षों में विवाद के बाद मची अफरा-तफरी, पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ की कार्रवाई; जांच जारी  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला के गांव नावा पिंड भट्ठे में बीती रात जागरण के दौरान दो पक्षों के आमने-सामने आने के बाद विवाद और कथित फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना के दौरान तीन लोगों के घायल होने की जानकारी है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जालंधर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है।

वहीँ पुलिस के अनुसार घटनास्थल की जांच के दौरान गोली चलने के स्पष्ट निशान या कारतूस के खोल बरामद नहीं हुए हैं। हालांकि, घायल बताए जा रहे लोगों के पैरों पर गनशॉट जैसे तीन निशान दिखाई देने की बात पुलिस की ओर से कही गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। 

जानकारी के अनुसार गांव में जागरण चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद जागरण में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।

घटना में तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायल पक्ष के परिवार के सदस्यों के अनुसार वे जागरण देखने के लिए गए हुए थे और अचानक हुए विवाद के बीच गोलियां चलने लगीं। इसी दौरान उनके परिवार के तीन लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक, जब टीम घटनास्थल पर पहुंची तो वहां जागरण चल रहा था और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल था।

छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई

पुलिस के अनुसार मामले में छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ, फायरिंग वास्तव में किन परिस्थितियों में हुई और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।

गौरतलब है कि एक दिन पहले गांव में एक नौजवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला भी सामने आया था। इसके बाद अब जागरण के दौरान हुई इस घटना से गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

No comments