ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला के दो सगे भाई लूट केस में गिरफ्तार ...

- तेजधार हथियार के बल पर गांव पंदेर के पास की वारदात, 5 हजार नकदी और मोबाइल फोन छीना  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

जालंधर के नकोदर सदर थाना पुलिस ने राहगीरों को तेजधार हथियारों के बल पर डराकर लूटपाट करने के आरोप में कपूरथला वासी दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने गांव पंदेर के पास एक राहगीर को घेरकर कथित तौर पर उससे 5,000 की नकदी और मोबाइल फोन छीन लिया था। 

मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी बूटा राम ने बताया कि पुलिस को गांव बिल्लीचाओ वासी निर्मल सिंह ने शिकायत में बताया था कि वह गांव पंदेर के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया और तेजधार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। डराने-धमकाने के बाद आरोपी उससे नकदी और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। 

शिकायत मिलने के बाद नकोदर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोगा सिंह और उसके भाई हुकम सिंह उर्फ सोनू, दोनों पुत्र लखवंत सिंह वासी गांव लट्टियांवाल कपूरथला के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी अन्य आपराधिक वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं। 

No comments