पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री का निधन ....
- जालंधर स्थित आवास पर ली अंतिम सांस, शाम 5 बजे होगा अंतिम संस्कार
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। पंजाब
पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के मंत्री मोहिंदर भगत के पिता भगत चुन्नी लाल का आज वीरवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने 93 साल 9 महीने और 9 दिन की उम्र में जालंधर के बस्ती क्षेत्र में स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
भगत चुन्नी लाल का अंतिम संस्कार गुरुवार शाम करीब 5 बजे बस्ती शेख श्मशानघाट में किया जाएगा। भाजपा नेता शीतल अंगुराल सहित विभिन्न राजनीतिक नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
बता दे कि भगत चुन्नी लाल पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे और अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार में कैबिनेट मंत्री के पद पर भी रहे। वह जालंधर वेस्ट क्षेत्र की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा माने जाते थे।
उनका जन्म 1 दिसंबर 1932 को सियालकोट (मौजूदा पाकिस्तान) में हुआ था। भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद उनका परिवार जालंधर आकर बस गया। राजनीति के साथ-साथ उनका स्पोर्ट्स गुड्स के निर्यात का कारोबार भी था।
- 1985 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ा पहला चुनाव ...
भगत चुन्नी लाल ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत वर्ष 1985 में की। उन्होंने जालंधर दक्षिण विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा, लेकिन इस चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
वर्ष 1997 में उन्होंने जालंधर दक्षिण सीट से भाजपा के टिकट पर पहली बार विधानसभा चुनाव जीता और पंजाब विधानसभा पहुंचे। इसके बाद वर्ष 2007 में उन्होंने इसी सीट से दूसरी बार जीत दर्ज की।
डीलिमिटेशन के बाद जालंधर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र का स्वरूप बदलकर जालंधर पश्चिम हो गया। वर्ष 2012 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भगत चुन्नी लाल ने भाजपा प्रत्याशी के तौर पर जालंधर पश्चिम से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।
वर्ष 2017 में उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया था। उनके परिवार में चार बेटे और चार बेटियां हैं। उनके पुत्र मोहिंदर भगत वर्तमान में पंजाब की राजनीति में सक्रिय हैं।
भगत चुन्नी लाल के निधन को जालंधर की राजनीति के एक लंबे दौर के अंत के रूप में देखा जा रहा है। उनके निधन पर राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने शोक जताया है।


.jpg)







.jpeg)














No comments