ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में झाड़िओ से व्यक्ति का सड़ीगली हालत में मिला शव ... 

- सुल्तानपुर लोधी रोड पर गांव मुंडी छन्ना के टी-पॉइंट के पास सड़ीगली हालत में मिला शव, 5-6 दिन पुराना होने की आशंका  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

AI Photo 

कपूरथला में सुल्तानपुर लोधी सड़क पर थाना फत्तूढिंगा क्षेत्र में मुंडी छन्ना गांव के टी-पॉइंट के पास झाड़िओ से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी का माहौल बन गया। शव झाड़ियों के बीच पड़ा होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि कई दिनों तक किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी।

शव मिलने की सूचना मिलते ही फत्तूढिंगा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटाई।

फत्तूढिंगा थाने के ASI दिलबाग सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार शव करीब पांच से छह दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। कई दिन बीत जाने के कारण शव की हालत काफी खराब हो चुकी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस के अनुसार शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी के मुर्दाघर में रखा जाएगा। इस दौरान पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास करेगी और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के आसपास के क्षेत्र से पिछले कुछ दिनों में लापता होने की जानकारी हो और उसका हुलिया इस अज्ञात शव से मेल खाता हो, तो तुरंत फतूदीगान थाने की पुलिस से संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान करने में मदद मिल सके।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक कौन है और वह यहां तक किन परिस्थितियों में पहुंचा। मामले की जांच जारी है। 

No comments