ब्रेकिंग न्यूज़

कपुरथला में बस रोककर युवक को नीचे खींचा, दातर-किरपानों से हमला ...

- पांच आरोपी काबू, थाना कोतवाली में FIR दर्ज 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला में गांव भीला बस अड्डे परोटेसट उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों ने बस में सवार 23 वर्षीय युवक को नीचे खींच लिया और दातर व किरपानों से उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक के बाएं हाथ की कलाई, दाईं टांग और कमर पर चोटें आई हैं। मौके पर जुटे लोगों ने पांच युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपियों से दो लोहे के दातर और एक किरपान बरामद की है। 

पुलिस को दिए बयान में धम्म निवासी हरविंदर सिंह ने बताया कि वह पीटीयू से मास्टर डिग्री कर चुका है और जालंधर के ग्राइंड मॉल में इंजीनियरिंग की इंटर्नशिप कर रहा है। मंगलवार को वह बस से जालंधर से अपने घर लौट रहा था। शाम करीब साढ़े पांच बजे बस भिला मोड़ पर सवारियां उतारने और चढ़ाने के लिए रुकी। इसी दौरान पांच-छह युवकों ने उसे बस से खींच लिया। 

करीब पांच मिनट तक करते रहे हमला ....

हरविंदर के अनुसार आरोपियों ने उसे एक तरफ ले जाकर दातर और किरपानों से हमला करना शुरू कर दिया। एक आरोपी ने उसकी बाईं कलाई पर दातर से वार किया, जिससे गहरा घाव हो गया। इसके बाद दस्ती किरपान से उसकी दाईं टांग पर वार किया गया। जमीन पर गिरने के बाद आरोपियों ने उसकी कमर पर भी कई वार किए। 

शोर सुनकर बस की अन्य सवारियां नीचे उतर आईं। लोगों ने युवक को आरोपियों से छुड़ाया और मौके पर पांच युवकों को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। 

पांच आरोपियों की हुई पहचान ...

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान रूप अनमोल पुत्र हरजीत सिंह, इंदरजीत सिंह उर्फ ईसू पुत्र बलजीत सिंह और राजेश कुमार उर्फ हैप्पी पुत्र देशराज, निवासी बुल्लोवाल, थाना भोगपुर, जिला जालंधर, जसविंदर सिंह उर्फ रवि पुत्र मनहोर लाल निवासी बुहानी, थाना रवालपिंडी, जिला कपूरथला तथा करन सिंह उर्फ करन पुत्र सलिंदर सिंह निवासी आर्य नगर, करतारपुर, जालंधर के रूप में हुई है। 

पुलिस के मुताबिक आरोपी सफेद रंग की ऑल्टो कार में सवार होकर आए थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने और उसके हाथ-पैर काटने की नीयत से हमला किया। 

पुलिस द्वारा करवाए गए मेडिकल के दौरान हरविंदर के शरीर पर कुल नौ चोटें पाई गईं। इनमें चार चोटों को एक्स-रे के लिए रखा गया है। डॉक्टर ने हरविंदर को बयान देने के लिए फिट घोषित किया, जिसके बाद पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। 

थाना कोतवाली कपूरथला पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर BNS की धारा 109, 115(2), 118(1), 191(3) और 190 के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना कोतवाली के एसएचओ एसआई लखबीर सिंह ने बताया कि आरोपियों से हथियार बरामद किए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हमले के कारणों और वारदात में आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। 

No comments