ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में संदिघ्ध हालातो में मिला युवक का शव, नशे से मौत होने की आशंका ....

- तीन युवको ने एक घर में नशा करने का आरोप, सुबह एक साथी की मौत के बाद शव छप्पड़ किनारे फेंका, एक युवक गिरफ्तार, दूसरा फरार 

ग्रामीणों का आरोप, गांव में खुलेआम बिक रहा नशा, तस्करों पर कार्रवाई न होने से पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला के गांव नवां पिंड भट्ठे में देर रात एक घर में तीन युवकों द्वारा कथित नशा करने के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि सुबह जब दोनों साथियों को युवक की मौत का पता चला तो मामले को छिपाने के लिए युवक के शव को घसीटकर गांव के छप्पड़ के पास फेंक दिया। सुबह संदिघ्ध हालातो में शव मिलने के बाद गांव में दहशत फैल गई। वहीँ डीएसपी सब-डिवीजन शीतल सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। 

मृतक की पहचान 38 वर्षीय हरदीप सिंह पुत्र मंगत राम निवासी गांव नवां पिंड भट्ठे के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, तीनों युवक रात एक घर में नशा कर रहे थे। नशे की हालत में सभी अपनी सुध-बुध खो बैठे और वहीं सो गए। सुबह जब उन्होंने एक-दूसरे को जगाया तो हरदीप सिंह की मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। थाना कोतवाली के एएसआई जसविंदर सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर वहां मौजूद दो युवकों से पूछताछ की। दोनों की पहचान मुक्खा और मक्खी के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान दोनों ने रात को नशा करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मुक्खा को मौके से काबू कर लिया, जबकि मक्खी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि हरदीप सिंह के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह कथित तौर पर नशे का आदी हो गया था और उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी। मृतक की कोई संतान नहीं थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कपूरथला सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। फिलहाल मृतक के चाचा के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। 

नशे की बिक्री को लेकर ग्रामीणों में रोष

घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में दिन-रात खुलेआम नशा बिक रहा है और नशा तस्करों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि पुलिस ने नशा करने वाले युवक को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन यह पता लगाने की दिशा में कार्रवाई क्यों नहीं की गई कि नशा कहां से आया और इसे कौन बेच रहा है।

इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। उनका कहना है कि गांव में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है और यदि नशा बेचने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं आगे भी सामने आ सकती हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा दर्ज किए जा रहे बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

No comments