ब्रेकिंग न्यूज़

मेडिकल कॉलेज के निर्माण का रास्ता साफ, 149 पेड़ों के बदले पांच गुना पौधरोपण ...

- हाईकोर्ट के फैसले से रुके निर्माण कार्य को मिलेगी रफ्तार-- ढोट 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर आम आदमी पार्टी के जिला कपूरथला के विरासत सेवा संगठन के प्रधान परविंदर ढोट ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 8 सितंबर के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले के बाद मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में आ रही रुकावट दूर होने का रास्ता साफ हुआ है और अब परियोजना के काम को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। 

परविंदर ढोट ने कहा कि हाईकोर्ट की बेंच ने अपने आदेश में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के दौरान काटे जाने वाले 149 पेड़ों के बदले पांच गुना पेड़ कपूरथला में लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लगाए जाने वाले पेड़ों को बड़ा करने और उनके रखरखाव की जिम्मेदारी भी जिला प्रशासन को निभानी होगी। 

उन्होंने कहा कि अदालत के निर्देश से विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाने का रास्ता सामने आया है। एक तरफ कपूरथला को मेडिकल कॉलेज जैसी बड़ी स्वास्थ्य सुविधा मिलने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा, वहीं दूसरी तरफ पेड़ों की भरपाई के लिए बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। 

परविंदर ढोट ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य रुकने से लोगों में चिंता थी, लेकिन अब हाईकोर्ट के फैसले के बाद इसके दोबारा गति पकड़ने की उम्मीद जगी है। मेडिकल कॉलेज बनने से कपूरथला के साथ-साथ पूरे दोआबा क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने का रास्ता खुलेगा।  

परविंदर ढोट ने कहा कि पंजाब की भगवंत मान सरकार अदालत के निर्देशों को पूरी तरह लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जाएगी और पेड़ों की भरपाई के लिए बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा।। 

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के वालंटियर्स पौधरोपण अभियान में जिला प्रशासन का सहयोग करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि लगाए गए पेड़ों के संरक्षण और रखरखाव में भी पार्टी के वालंटियर्स अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं। 

परविंदर ढोट ने कहा कि कपूरथला में मेडिकल कॉलेज बनने से इसका लाभ केवल कपूरथला जिले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दोआबा क्षेत्र के लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज को भगवंत मान सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इसके निर्माण से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के ढांचे को मजबूती मिलेगी। 

No comments