ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला के खेतों में संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश मिला नवयुवक ....

- परिजनों ने दो युवकों पर लगाए गंभीर आरोप, गंभीर हालत के चलते किया रेफर, पुलिस ने शुरू की जांच 

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला     

कपूरथला की सबडिवीजन सुलतानपुर लोधी के गांव अहली कलां में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में खेतों में बेहोशी की हालत में मिला है। परिजनों ने गांव के ही दो युवकों पर कथित तौर पर नशे की हालत में युवक को खेतों में छोड़ने के आरोप लगाए हैं। बेसुध हालत में मिले युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुलतानपुर लोधी में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे कपूरथला सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। वहीँ थाना कबीरपुर SHO मलकीत सिंह ने बताया कि मामले की जाँच की जा रही है। 

गांव अहली कलां निवासी गुरप्रीत कौर ने बताया कि वह किसी परिचित के घर भोग में गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर के समय उन्हें सूचना मिली कि उनका भाई अनमोल खेतों में बेसुध हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और अनमोल को तुरंत सिविल अस्पताल सुलतानपुर लोधी पहुंचाया। उन्होंने यह भी बताया कि अनमोल तीन बहनो का इकलौता भाई है। 

परिवार का आरोप है कि गांव के ही दो युवक कथित तौर पर अनमोल को नशे की हालत में खेतों में छोड़ गए। परिजनों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करवाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

सिविल अस्पताल सुलतानपुर लोधी में तैनात ड्यूटी डॉक्टर अर्पण ने बताया कि अनमोल को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर कपूरथला सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना कबीरपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक के परिजनों के आरोपों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। 

No comments