कपूरथला में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद, गोली लगने से युवक घायल, FIR दर्ज ...
- परिवार का आरोप- पांच लोगों ने घर में घुसकर की मारपीट, फायरिंग और तोड़फोड़
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला के थाना सुभानपुर के गांव हमीरा में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में गोली लगने से 22 वर्षीय युवक घायल हो गया। घायल की पहचान बिक्की सिंह पुत्र परमजीत सिंह निवासी हमीरा के रूप में हुई है। उसका जालंधर के पटेल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस को दिए बयान में घायल के भाई साब सिंह ने बताया कि 18 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह और उसका भाई घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान लवप्रीत सिंह, गुरविंदर सिंह, परविंदर सिंह, सुरजीत सिंह उर्फ तोता और विक्की वहां पहुंचे और उधार दिए पैसों की मांग करने लगे।
बयान के अनुसार, करीब चार महीने पहले गुरविंदर सिंह से दो लाख रुपये उधार लिए गए थे। उस समय पैसे उपलब्ध न होने की बात कहने पर दोनों पक्षों में बहस हो गई और कथित तौर पर मारपीट शुरू हो गई।
साब सिंह ने आरोप लगाया कि इसी दौरान लवप्रीत सिंह और सुरजीत सिंह उर्फ तोता ने पिस्तौल निकाल लिए, जबकि गुरविंदर सिंह, परविंदर सिंह और विक्की ने दातर निकाल लिए। आरोप है कि लवप्रीत सिंह ने उसके भाई बिक्की सिंह पर गोली चला दी, जो उसके पेट में लगी। इसके बाद सुरजीत सिंह की ओर से किए गए एक अन्य फायर से घर की खिड़की के शीशे को नुकसान पहुंचने की बात कही गई है।
बयान के मुताबिक, गोली चलने के बाद साब सिंह डरकर घर के अंदर कमरे में चला गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर दातरों से शीशे और अन्य सामान की तोड़फोड़ की। वहीं, पिस्तौलधारी आरोपियों द्वारा घर के अंदर भी हवाई फायर किए जाने का आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
गोली लगने से घायल बिक्की सिंह को पहले दयालपुर के ब्राड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जालंधर के पटेल अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, बिक्की सिंह बयान देने की स्थिति में नहीं था और डॉक्टर ने उसे ‘Unfit for Statement’ घोषित किया। इसके बाद उसके भाई साब सिंह का बयान दर्ज किया गया।
थाना सुभानपुर पुलिस ने लवप्रीत सिंह, गुरविंदर सिंह, परविंदर सिंह, सुरजीत सिंह उर्फ तोता और विक्की के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 109(1), 333, 191(3), 190, 324(4) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25/54/59 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



.jpg)







.jpeg)














No comments