ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में दादी-पोते की जोड़ी ने दिया खूबसूरत संदेश, फिटनेस की कोई उम्र नहीं ...

- ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ में दादी ने 200 मीटर और 14वर्षीय पोते ने 60 मीटर दौड़ में लिया हिस्सा  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के तहत भुलत्थ सब-डिविजन में आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबलों के दौरान सोमवार को एक ऐसा प्रेरणादायक पल देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सरकारी हाई स्कूल खस्सन में आयोजित खेल आयोजन में 65 वर्षीय गुरबख्श कौर ने 200 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया, जबकि उनके 14 वर्षीय पोते जोबनप्रीत सिंह ने 60 मीटर दौड़ में भाग लिया।

सलामतपुर निवासी दादी और पोते की एक ही खेल आयोजन में भागीदारी पूरे दिन का खास आकर्षण बन गई। जहां 14 वर्षीय जोबनप्रीत ने अपनी उम्र के अनुरूप जोश और ऊर्जा का प्रदर्शन किया, वहीं 65 वर्षीय गुरबख्श कौर ने दौड़ में हिस्सा लेकर यह संदेश दिया कि खेलों और फिटनेस के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है।

गुरबख्श कौर ने बताया कि वह स्कूल के दिनों में दौड़ा करती थीं और उस समय उनका सपना पुलिस अधिकारी बनने का था, लेकिन परिस्थितियों के चलते उनका यह सपना पूरा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि अपने पोते के साथ ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ में हिस्सा लेना उनके लिए बेहद सुखद और यादगार अनुभव रहा।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से लोगों को हर उम्र में फिट रहने और खेलों के साथ जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने पंजाब सरकार का ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ आयोजित करने के लिए धन्यवाद करते हुए कहा कि इस पहल ने अलग-अलग पीढ़ियों को एक मंच पर लाने का काम किया है।

अलग-अलग उम्र के खिलाड़ियों के लिए मुकाबले

इससे पहले हलका इंचार्ज एडवोकेट हरसिमरन सिंह घुम्मन ने ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के तहत ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबलों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस खेल उत्सव में अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें अंडर-14, अंडर-17, अंडर-21, 21-30, 31-40, 41-50, 51-60, 61-70 और 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी से खेल मैदान में एक अनोखा माहौल बन रहा है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग एक साथ खेलों में हिस्सा लेकर न केवल प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, बल्कि एक-दूसरे को प्रेरित भी कर रहे हैं।

एडवोकेट घुम्मन ने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ राज्य सरकार का एक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक गतिविधियों की ओर लगाना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।

38 खेलों में होंगे मुकाबले

जिला खेल अधिकारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के तहत नौ आयु वर्गों में ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर कुल 38 खेलों के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। इसके अलावा एक प्रदर्शनी खेल टेनिस बॉल क्रिकेट तथा चार पैरा-स्पोर्ट्स के मुकाबले भी आयोजित किए जा रहे हैं। लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं रखी गई हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 12 करोड़ रुपये से अधिक की इनामी राशि के साथ ग्रेडेशन सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे।

No comments