ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में श्री बांके बिहारी जी के प्रकट उत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, भक्तिमय हुआ शहर ...

- सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भजनों का गायन कर राधा-कृष्ण की पालकी पर की पुष्पवर्षा  

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला    

कपूरथला के श्री सत्यनारायण मंदिर कमेटी की ओर से श्री बांके बिहारी जी के प्रकट उत्सव एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार सुबह भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों श्री कृष्ण भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भजनों का गायन करते हुए वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

शोभायात्रा सुबह करीब 6:30 बजे श्री सत्यनारायण मंदिर से शुरू हुई। इसके बाद शोभायात्रा सदर बाजार, जलेखाना चौक और शालीमार बाग से होते हुए पुनः श्री सत्यनारायण मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

शोभायात्रा में विशेष रूप से सजाई गई राधा-कृष्ण की पालकी आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा के मार्ग में दोनों तरफ श्रद्धालु हाथों में फूल लेकर खड़े रहे और पालकी के मंदिर पहुंचने तक जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान श्री कृष्ण एवं राधा रानी का स्वागत किया।

भक्तों ने पूरे मार्ग में श्री कृष्ण के भजनों का गायन किया तथा जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। शोभायात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में एकत्रित बच्चों ने भगवान श्री कृष्ण की आरती की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कृष्ण से परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। 

इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े नेता और प्रतिनिधि भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंदिर कमेटी की ओर से शोभायात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।।

No comments