ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में संदिग्ध हालात में युवक का शव बरामद ....

- मुंह पर मिले चोट के निशान, सिटी थाना पुलिस जाँच में जुटी  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला के सुंदर नगर क्षेत्र में सत्संग घर के नजदीक शुक्रवार को एक खाली प्लाट से 25 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद होने की खबर है। घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। वहीं, सिटी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक युवक की पहचान गुरप्रीत सिंह (25 वर्ष) पुत्र भजन सिंह निवासी गांव औजला योगी के रूप में हुई है। इसकी पुष्टि सिटी थाना के जांच अधिकारी एएसआई बलदेव सिंह ने की है।

जांच अधिकारी एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि शुक्रवार लोगों ने सुंदर नगर स्थित सत्संग घर के नजदीक खाली पड़े प्लाट में एक युवक का शव पड़ा देखा। और इसकी सूचना पीसीआर टीम को दी। सूचना मिलते ही एएसआई बलविंदर सिंह की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक युवक गांव औजला योगी का रहने वाला था और पिछले दो दिनों से घर से लापता था। पुलिस के अनुसार, युवक के मुंह पर चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिसके चलते मामला संदिग्ध बना हुआ है।

एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

No comments