ब्रेकिंग न्यूज़

बस स्टैंड पर महिला से पर्स झपटा, सफेद एक्टिवा सवार युवक फरार ....

- पोती की दवाइयां, मोबाइल, जरूरी कागजात और हजारों रुपये थे पर्स में. 

खबरनामा इंडिया बबलू। फगवाड़ा   

कपूरथला के फगवाड़ा शहर में झपटमारी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। ताजा मामला शहर के बस स्टैंड से सामने आया है, जहां सफेद एक्टिवा पर सवार एक युवक कथित तौर पर एक महिला का पर्स छीनकर फरार हो गया।

पीड़ित महिला मंजीत कौर निवासी फिलौर ने बताया कि वह अपनी पोती के लिए जरूरी दवाइयां खरीदने फगवाड़ा आई थीं। दवाइयां खरीदने के बाद जब वह बस स्टैंड पहुंचीं तो सफेद एक्टिवा पर सवार एक युवक उनके पास आया और कुछ ही सेकंड में उनका पर्स छीनकर मौके से फरार हो गया।

पीड़िता के मुताबिक, पर्स में उनकी पोती की जरूरी दवाइयां, महत्वपूर्ण कागजात, मोबाइल फोन और हजारों रुपये की नकदी थी। दवाइयां भी पर्स में होने के कारण परिवार की परेशानी और बढ़ गई है।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि गुरुवार को भी इसी हुलिए के युवक द्वारा झपटमारी की एक घटना किए जाने की चर्चा थी। शुक्रवार को एक और घटना सामने आने के बाद बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ाने तथा सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

वहीं, पीड़िता मंजीत कौर ने पुलिस से आरोपी को जल्द काबू कर उनका सामान बरामद करवाने और हुए नुकसान की भरपाई में मदद करने की अपील की है। 

No comments