ब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब-हिमाचल की 71 दवाएं मानकों पर खरी नहीं उतरीं ....

- बच्चों के सिरप से लेकर एंटीबायोटिक, हार्ट, बुखार, खांसी और आंखों की दवाएं शामिल 

खबरनामा इंडिया बबलू। पंजाब  

केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) की अगस्त माह की ड्रग अलर्ट रिपोर्ट में देशभर की 221 दवाओं के सैंपल निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरने की बात सामने आई है। इनमें पंजाब और हिमाचल प्रदेश में निर्मित कुल 71 दवाओं के सैंपल फेल पाए गए हैं। 

ड्रग अलर्ट में फेल पाई गई दवाओं में बच्चों के सिरप, एंटीबायोटिक, हार्ट संबंधी दवाएं, बुखार व खांसी की दवाएं, पेट और किडनी की दवाएं, आंखों की दवाएं, इंजेक्शन तथा विटामिन उत्पाद शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इनमें 191 दवाओं के सैंपल की जांच राज्य स्तरीय ड्रग टेस्टिंग लैबोरेट्रीज में, जबकि 29 सैंपल की जांच केंद्रीय प्रयोगशालाओं में की गई। 

राज्यवार आंकड़ों के अनुसार हिमाचल प्रदेश की 63, उत्तराखंड की 39, गुजरात की 17, महाराष्ट्र की 16, मध्य प्रदेश की 12, तमिलनाडु और हरियाणा की 11-11, सिक्किम और उत्तर प्रदेश की 9-9 तथा पंजाब की 8 दवाओं के सैंपल फेल पाए गए हैं। 

एक मिडिया हॉउस की रिपोर्ट अनुसार हिमाचल प्रदेश में फेल पाए गए दवाओं के सैंपल बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़, झाड़माजरी, भुड्ड, दवनी, गुल्लरवाला, कालाअंब, पांवटा साहिब, परवाणू, सोलन और कांगड़ा स्थित दवा इकाइयों से जुड़े बताए गए हैं। 

ड्रग अलर्ट में दवाओं के गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरने की जानकारी सामने आने के बाद संबंधित दवा निर्माताओं और नियामक एजेंसियों की भूमिका पर भी ध्यान केंद्रित हुआ है। हालांकि, किसी दवा का सैंपल फेल होना नियामक जांच की एक प्रक्रिया का हिस्सा है और संबंधित उत्पाद के संबंध में अंतिम कार्रवाई नियामक प्राधिकरण की जांच एवं निर्देशों पर निर्भर करती है। 

No comments